अपना 500वां टेस्ट खेल रहे विराट कोहली ने दूसरे टेस्ट में कुछ ऐसा किया जिससे साफ पता चलता है कि उनके अंदर का कप्तान अब भी मरा नहीं है। दूसरे टेस्ट में जब टीम इंडिया को तेजी से रन बनाने की दरकार थी तो ऐसे में विराट के मास्टरस्ट्रोक ने टीम इंडिया के लिए काम आसान कर दिया। तेजी से रन बना रही है टीम इंडिया को 102 रन के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल के रुप में दूसरा झटका लगा। सबको उम्मीद थी कि विराट कोहली बल्लेबाजी करने आएंगे, लेकिन ईशान किशन आए और उन्होंने अपने टेस्ट करियर की पहली फिफ्टी जड़ दी।
विराट का मास्टरस्ट्रोक काम कर गया
ईशान किशन ने 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से न केवल 34 गेंद पर 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, बल्कि शुभमन गिल के साथ मिलकर 11.2 ओवर में नाबाद 79 रन की साझेदारी भी की। मैच के बाद ईशान किशन ने खुलासा किया कि उन्हें बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट करने के पीछे विराट का मास्टरस्ट्रोक था।
मैच के बाद ईशान ने कहा 'मेरे लिए यह अर्धशतक बेहद खास था। सभी ने मेरा साथ दिया, खासतौर से विराट भाई ने मुझे सपोर्ट किया और अपने स्थान पर मुझे बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। विराट भाई ही थे जिन्होंने कहा कि मुझे बल्लेबाजी के लिए जाना चाहिए। उस वक्त स्लो लेफ्ट ऑर्मर गेंदबाजी कर रहे थे और टीम के लिए यह अच्छा निर्णय था। कभी-कभी आपको ऐसे निर्णय लेने पड़ते हैं।
क्लीन स्वीप से 8 विकेट दूर टीम इंडिया
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने से केवल 8 विकेट दूर है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 365 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज को आखिरी दिन 289 रन की दरकार है, जोकि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए असंभव है। वहीं टीम इंडिया क्लीन स्वीप से केवल 2 विकेट दूर है।
