आज के समय में WhatsApp का इस्तेमाल लगभग हर कोई करता है। लोग इस पर रोजाना फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट और कई दूसरी फाइलें शेयर करते हैं। लेकिन धीरे-धीरे ये फाइलें फोन की स्टोरेज में काफी जगह घेरने लगती हैं। कई बार इसी वजह से फोन की मेमोरी फुल हो जाती है और नई फोटो खींचने या ऐप डाउनलोड करने में परेशानी होने लगती है।
अगर आपके फोन में भी WhatsApp की वजह से स्टोरेज कम हो गई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। WhatsApp में एक ऐसा फीचर मिलता है, जिसकी मदद से आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि कौन-सी फाइलें सबसे ज्यादा जगह ले रही हैं। इसके बाद आप गैर-जरूरी फोटो, वीडियो और दूसरी फाइलों को डिलीट करके फोन में जगह खाली कर सकते हैं।
इस तरह से स्टोरेज को करें चेक
WhatsApp में मौजूद Manage Storage फीचर की मदद से आप देख सकते हैं कि यह ऐप आपके फोन की कितनी स्टोरेज इस्तेमाल कर रहा है। इसके लिए आपको नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
- सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें।
- स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर दिख रहे तीन डॉट्स पर टैप करें। iPhone में सीधे Settings का ऑप्शन ओपन करें।
- अब Settings में जाएं।
- यहां Storage and data के विकल्प पर टैप करें।
- इसके बाद Manage storage पर क्लिक करें।
- अब आपकी स्क्रीन पर WhatsApp द्वारा इस्तेमाल की जा रही स्टोरेज की जानकारी दिखाई देगी।
- यहां आप यह भी देख सकते हैं कि कौन-सी मीडिया फाइलें ज्यादा जगह घेर रही हैं।
किसी खास चैट की बड़ी फोटो और वीडियो कैसे खोजें?
अगर आप किसी एक व्यक्ति या ग्रुप की चैट से बड़ी फाइलें डिलीट करना चाहते हैं, तो इसके लिए भी WhatsApp में विकल्प मिलता है। इससे आपको पूरी चैट की फाइलें एक साथ डिलीट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- इसके लिए सबसे पहले WhatsApp खोलें
- अब उस व्यक्ति या ग्रुप की चैट पर जाएं। जिसकी फाइलें आप देखना चाहते हैं।
- अब चैट के नाम पर टैप करें। इसके बाद Manage Storage का विकल्प चुनें।
यहां आपको उस चैट से जुड़ी मीडिया फाइलों की जानकारी मिलेगी। कई मामलों में फाइलें उनके आकार के हिसाब से दिखाई देती हैं, जिससे बड़ी वीडियो और फोटो को पहचानना आसान हो जाता है। अब आप अपनी जरूरत के अनुसार गैर-जरूरी फाइलों को चुन सकते हैं।
फोन में जगह बनाने के लिए उन फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट को हटाना बेहतर है, जिनकी अब आपको जरूरत नहीं है। WhatsApp के Manage Storage फीचर से आप कई फाइलों को चुनकर एक साथ डिलीट कर सकते हैं।
- इसके लिए WhatsApp की Settings खोलें और Storage and data में जाएं।
- इसके बाद Manage storage पर टैप करें।
- यहां दिखाई देने वाली फाइलों को ध्यान से देखें और जिन फाइलों की जरूरत नहीं है, उन्हें चुनें।
- फिर डिलीट करने के विकल्प पर टैप करके उन्हें हटा दें।
जरूरी फोटो और वीडियो डिलीट करने से बचें
WhatsApp की स्टोरेज खाली करते समय जल्दबाजी न करें। किसी भी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट को डिलीट करने से पहले जांच लें कि वह आपके लिए जरूरी तो नहीं है। खासकर ऑफिस के डॉक्यूमेंट, जरूरी तस्वीरें और निजी वीडियो डिलीट करने से पहले उनकी दूसरी कॉपी सुरक्षित रख लें। अगर आप नियमित रूप से WhatsApp की स्टोरेज चेक करते हैं और गैर-जरूरी फाइलें हटाते रहते हैं, तो फोन की मेमोरी को काफी हद तक खाली रख सकते हैं।
