क्रिकेट

26 महीने बाद टीम इंडिया में ईशान की वापसी पर लगी मुहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा है किशन का रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टी20 मुकाबले में ईशान किशन के खेलने पर मुहर लग गई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस बात की घोषणा की। तिलक वर्मा के न होने का सीधा फायदा ईशान किशन को मिला है। किशन टी20 वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा हैं।

ishan Kishan

ईशान किशन (साभार-X)

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले ईशान किशन को उस वक्त उनकी मेहनत का ईनाम मिला जब बीसीसीआई सेलेक्शन कमेटी ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा की। इस टीम में ईशान किशन का नाम था जो लंबे वक्त से इस खबर का इंतजार कर रहे थे। ईशान टीम में तो चुन लिए गए थे, लेकिन प्लेइंग इलेवन में उनका खेल पाना थोड़ा मुश्किल लग रहा था। यह मुश्किल और बढ़ती नजर आई जब तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया, लेकिन मंगलवार की शाम को कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन के अच्छे दिन की घोषणा कर दी। मैच से पहले कप्तान सूर्या द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान को लेकर बड़ा ऐलान किया गया।

सूर्यकुमार यादव ने ईशान के नाम पर मुहर लगाते हुए यह साफ कर दिया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में इस विकेटकीपर बल्लेबाज का खेलना तय है। इतना ही नहीं सूर्यकुमार यादव ने उनकी बल्लेबाजी पोजिशन भी बता दी। उन्होंने कहा कि ईशान नंबर 3 पर खेलते नजर आएंगे क्योंकि तिलक इसी नंबर पर बल्लेबाजी करते थे। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि प्लेइंग इलेवन में श्रेयस अय्यर को जगह शायद ही मिले।

26 महीने बाद टीम इंडिया में वापसी

नागपुर में बुधवार को खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले में जब टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी तो करीब 26 महीने बाद ईशान किशन टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएंगे। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बयान के बाद ईशान का लगभग 26 महीने के बाद भारतीय टीम की जर्सी में दिखना तय हो गया है। उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवंबर 2023 में खेला था। इस मुकाबले में किशन खाता भी नहीं खोल पाए थे। ईशान मूल रूप से पारी की शुरुआत करते हैं, लेकिन मध्यक्रम में भी वह बल्लेबाजी करते रहे हैं। भारत के लिए भी वे मीडिल ऑर्डर में खेल चुके हैं। इसलिए उनके लिए बल्लेबाजी का ये क्रम ज्यादा चिंताजनक नहीं है।

तिलक वर्मा के न खेलने का मिला फायदा

तिलक वर्मा टीम का हिस्सा थे, लेकिन इंजरी की वजह से सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से बाहर हो गए हैं। तिलक की जगह टीम में श्रेयस अय्यर को लाया गया है, लेकिन प्लेइंग इलेवन में इन फॉर्म ईशान किशन की जगह पक्की हो गई है। तिलक के ही बल्लेबाजी क्रम तीसरे नंबर पर ही उन्हें बल्लेबाजी के लिए भेजा जाएगा। ईशान किशन को टी20 फॉर्मेट का बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता है। घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान का प्रदर्शन

न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन के रिकॉर्ड की बात करें तो 7 मैचों की 7 पारियों में उनके बल्ले से 103 रन निकले हैं। उनका औसत 14.71 है, और इस दौरान उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया है। किशन का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड साधारण है और इसे बेहतक करने का उनके पास अवसर है।

अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में खेलने वाले ईशान ने कुल 32 टी20 मैचों की 32 पारियों में 6 अर्धशतक लगाते हुए 796 रन बनाए हैं।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article