क्रिकेट

जिंबाब्वे से हार के बाद क्या टी20 विश्व कप 2022 में खत्म हुआ पाकिस्तान का सफर?

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 28, 2022, 01:48 AM IST

क्या पाकिस्तान की टीम के लिए टी20 विश्व कप 2022 में सेमीफाइनल के रास्ते जिंबाब्वे के खिलाफ एक रन की करीबी हार के बाद खत्म हो गया हैं। जानिए कैसे हैं सुपर-12 राउंड में ग्रुप 2 के समीकरण किस-किस टीम के पास है सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका?

Image

Pakistan-vs-Zimbabwe

सिडनी: एक साल पहले टी20 विश्व कप में अविजेय रहते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ मौजूदा विश्व कप में हार के साथ शुरुआत की। इसके बाद उसे गुरुवार को सिडनी में जिंबाब्वे के खिलाफ लो स्कोरिंग मुकाबले में 1 रन के करीबी अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। इस हार के साथ ही पाकिस्तान की टी20 विश्व कप 2022 में सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं तकरीबन खत्म हो गई हैं। अगले तीन मुकाबलों में एक भी हार उसे पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर कर देगी।

पांचवें पायदान पर पहुंचा पाकिस्तानपाकिस्तान की टीम जिंबाब्वे के खिलाफ हार के बाद सुपर-12 के ग्रुप-2 में भारत, दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के बाद पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान को अब तीन मैच खेलने हैं जो नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ हैं। अगर पाकिस्तानी टीम अपने बाकी बचे तीनों मैच जीतने में सफल होती है तो उसके खाते में 6 अंक हो जाएंगे। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम की सेमीफाइनल की संभावनाएं भारत-पाकिस्तान दोनों से हारने के बाद ही धूमिल होंगी।

Group-2-points-Table

Group-2-points-Table

जिंबाब्वे भी है अब सेमीफाइनल का दावेदार

जिंबाब्वे की टीम के खाते में दो मैच में 3 अंक हैं। बारिश की वजह से जिंबाब्वे दक्षिण अफ्रीका के साथ अंक बांट चुकी है। ऐसे में उसे अब भारत, नीदरलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। अगर जिंबाब्वे की टीम बांग्लादेश और नीदरलैंड को हरा देती है तो उसके लिए भी सेमीफाइनल के दरवाजे खुल सकते हैं। दो मैच में जीत जिंबाब्वे को पाकिस्तान के आगे कर देगी। ऐसे में जिंबाब्वे और दक्षिण अफ्रीका की भारत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं प्रबल हो जाएंगी और पाकिस्तान के लिए के लिए रास्ते बंद हो जाएंगे।

कैसे सेमीफाइनल में पहुंचेगा पाकिस्तान

पाकिस्तानी टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 अक्टूबर को पर्थ में खेले जाने वाले मैच पर निर्भर हो गया है। अगर भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को इस मुकाबले में हरा देती है तो पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला मुकाबला नॉकआउट में तब्दील हो जाएगा। लेकिन दक्षिण अफ्रीका की इस मैच में जीत पाकिस्तान का सफर टी20 विश्व कप 2022 में खत्म कर देगी।

भारत की जिंबाब्वे-द. अफ्रीका के खिलाफ हार की करे दुआ

इसके अलावा पाकिस्तान अपने बाकी बचे तीनों मुकाबले जीत ले। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के खिलाफ भारत की हार की दुआ करे। अगर दोनों मैच में टीम इंडिया हार जाती है केवल उसी परिस्थिति में पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहेगी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के हार जीत के समीकरण भी पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के रास्ते बंद कर सकती है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article