IRE vs PAK W Highlights: आयरलैंड दौरे पर गई पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। डबलिन के क्लोनटॉर्फ क्रिकेट क्लब में खेले गए इस मुकाबले में मेज़बान आयरलैंड ने पाकिस्तान को 11 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।
फातिमा सना ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाज़ी, फैसले को किया सही साबित
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। उनकी अगुवाई में गेंदबाज़ों ने सधी हुई शुरुआत की और आयरलैंड की टीम को 19.4 ओवर में 142 रन पर ऑलआउट कर दिया।
एमी हंटर की पारी ने दिलाई मजबूत शुरुआत
आयरलैंड के लिए ओपनर और विकेटकीपर एमी हंटर ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उन्होंने 30 गेंदों की अपनी पारी में 5 शानदार चौके लगाए। उनके अलावा ओरला प्रेंडरगास्ट ने 29 और लिह पॉल ने 28 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि आयरलैंड के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जिससे टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।
फातिमा सना का जलवा, चार विकेट झटके
गेंदबाज़ी में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना सबसे प्रभावशाली रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। उनके अलावा सादिया इकबाल, दायना बेग, रमीन शमीम और नशरु संधू ने 1-1 विकेट लिए और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की खराब शुरुआत
143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 42 रन के स्कोर पर चार विकेट गिर चुके थे, जिससे टीम दबाव में आ गई। इन शुरुआती झटकों से पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी कभी उबर नहीं सकी और पूरी टीम 20 ओवर में 131 रन पर ही सिमट गई।
नतालिया और रमीन की कोशिशें नाकाफी
पाकिस्तान के लिए नतालिया परवेज ने 29 रन और रमीन शमीम ने 27 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ नाकाम साबित हुए। निचले क्रम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन रन गति तेज नहीं कर पाए और टीम को 11 रन से हार झेलनी पड़ी।
प्रेंडरगास्ट की शानदार गेंदबाज़ी, मिली प्लेयर ऑफ द मैच
आयरलैंड के लिए ओरला प्रेंडरगास्ट ने गेंदबाज़ी में कमाल किया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 28 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा जेन मैगुरे ने 2, और अवा कैनिंग, कारा मरे और लारा मैक्ब्रिड ने 1-1 विकेट चटकाए। अपनी ऑलराउंड परफॉर्मेंस के चलते ओरला प्रेंडरगास्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला 9 अगस्त को
तीन मैचों की इस सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 9 अगस्त को खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम अब सीरीज में वापसी करने और बराबरी हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
