क्रिकेट

IPL 2023, PBKS vs RCB Flashback: डेविड मिलर ने छुड़ा दिए थे आरसीबी के छक्के, 38 गेंद में शतक जड़कर छीनी थी जीत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 20, 2023, 10:50 AM IST

आईपीएल में दस साल पहले पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए डेविड मिलर ने आरसीबी के मोहाली में छक्के छुड़ा दिए थे और आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक जड़कर अपनी टीम को मुश्किल से उबारकर जीत दिलाई थी।

Image

डेविड मिलर(साभार IPL/BCCI)

PBKS vs RCB, IPL Flashback: आईपीएल 2023 का आगाज हुए तकरीबन तीन सप्ताह का वक्त गुजर चुका है। सीजन के 27वें मैच में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच भिड़ंत होने जा रही है। इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच 30 मैच खेले गए हैं जिसमें से 17 में पंजाब और 13 में बेंगलोर की टीम विजयी रही है। इन्हीं मुकाबलों में से एक मुकाबला 10 साल पहले मोहाली के मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच खेला गया था जिसमें किलर मिलर के नाम से विख्यात डेविड मिलर ने आतिशी शतक जड़कर पंजाब को यादगार जीत दिलाई दी।

आरसीबी को गेल पुजारा ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत

मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। ऐसे में आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत करने चेतेश्वर पुजारा और क्रिस गेल की जोड़ी उतरी थी। दोनों ने आतिशी बल्लेबजी करते हुए 34 गेंद में टीम को पचास रन के और 67 गेंद में 100 रन के पार पहुंचा दिया था। इस दौरान यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने 27 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था।

जीत के लिए मिला 191 रन का लक्ष्य

102 के स्कोर पर मनप्रीत गोनी ने गेल को बोल्ड करके पहली सफलता पंजाब को दिलाई थी। इसके बाद पुजारा ने 45 गेंद में अपना पचासा 8 चौकों की मदद से पूरा किया।133 के स्कोर पर पुजार भी गोनी की गेंद पर बोल्ड हो गए। विराट 14 गेंद पर 14 रन बनाकर परविंदर अवाना की गेंद पर लपके गए। अंत में एबी डिविलियर्स की 19 गेंद में नाबाद 38 और मोइसेस हेनरीक्स की 7 गेंद में 16 रन की पारियों की बदौलत आरसीबी ने 3 विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। जीत के लिए पंजाब को 191 रन का लक्ष्य मिला।

64 रन पर गंवा दिए थे पंजाब ने 4 विकेट

जीत के लिए 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब के लिए मंदीप सिंह और शॉन मार्श ने पारी की शुरुआत की। लेकिन 25 रन के स्कोर तक दोनों पवेलियन लौट चुके थे। मंदीप विनय कुमार का और मार्श रवि रामपाल का शिकार बने। आठवें ओवर में 51 के स्कोर पर गुरकीरत सिंह मान भी मुरली कार्तिक की गेंद पर आउट हो गए। ऐसे में एक छोर पर बल्लेबाजी करने डेविड मिलर उतरे। मिलर पिच पर पैर जमा पाते उससे पहले कप्तान डेविड हसी भी कार्तिक की फिरकी में फंस गए और पंजाब का स्कोर 9.5 ओवर में 64 रन पर 4 विकेट हो गया। जीत के लिए 61 गेंद में पंजाब को 127 रन बनाने थे।

मिलर ने 38 गेंद में जड़ा नाबाद शतक

ऐसे में मिलर ने एक छोर से आतिशी बल्लेबाजी शुरू की और आरसीबी के गेंदबाजों के एक-एक करके छक्के छुड़ा दिए। मिलर ने आव देखा ना ताव उन्होंने 24 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उनके रन बनाने की रफ्तार और बढ़ गई। अगरे 50 रन तक पहुंचने में उन्हें महज 14 गेंद और खेलनी पड़ी और मिलर ने 38 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया। मिलर का दूसरे छोर से साथ आर सतीश ने दिया। सतीश 18 गेंद में 27 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब ने आरसीबी को 12 गेंद और 6 विकेट शेष रहते जीत दिला दी। मिलर का शतक तब भी और आज भी आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे तेज शतक के रूप में दर्ज है।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article