क्रिकेट

IPL 2026: गुजरात टाइटंस में सुरक्षा और आत्मविश्वास का माहौल, खुद पर करते हैं भरोसा- गिल

IPL 2026: गुजरात टाइटंस के कप्तान का कहना है कि वह खुद पर भरोसा रखते हैं और अपनी टीम के साथ सुरक्षित तथा आत्मविश्वास महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि यही संयम टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा की भी सबसे बड़ी ताकत है।

Image

शुभमन गिल (फोटो साभार- IPL/BCCI)

IPL 2026: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग से पहले सोमवार को यहां कहा कि उनके खेल में जो शांत और धैर्य वाला स्वभाव दिखता है, वह इसलिए है क्योंकि वह खुद पर भरोसा रखते हैं और अपनी टीम के साथ सुरक्षित तथा आत्मविश्वास महसूस करते हैं। टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे गिल अब गुजरात टाइटंस के लिए छोटे प्रारूप में वापसी करेंगे। यह फ्रेंचाइजी 2022 की चैंपियन और 2023 की उपविजेता रही है और अपनी एकमात्र खिताबी जीत में इजाफा करना चाहेगी।

शुभारंभ 2026 कार्यक्रम में बोले कप्तान गिल

गिल ने यहां ’शुभारंभ 2026’ कार्यक्रम में कहा, 'मैं बस खुद जैसा हूं और मेरे खेल तथा अपने समूह में जो विश्वास और सुरक्षा है, उसी से मेरे खेल में संयम आता है।' गुजरात टाइटंस की टीम अपना अभियान 31 मार्च को पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर शुरू करेगी। गिल ने कहा, 'किसी भी परिस्थिति में संयमित रहना आपको व्यापक दृष्टिकोण देता है। आप वर्तमान से आगे देख पाते हैं, बड़ी तस्वीर समझ पाते हैं और दीर्घकालिक सोच स्पष्ट हो जाती है।'

टीम को लेकर कोच नेहरा ने कही ये बात

उन्होंने कहा कि यही संयम टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा की भी सबसे बड़ी ताकत है। पिछले सत्र में गुजरात टाइटंस को एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था। नेहरा ने कहा कि इस बार भी ध्यान केवल खिताब जीतने पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा, "इस सीजन अलग तरह से सोचने की जरूरत नहीं है। वास्तव में, मुझे सोचने की जरूरत नहीं है, खिलाड़ी सोचते हैं। उन्हें खेलना है, मैं बाहर बैठा हूं।" नेहरा ने कहा, "पहले दिन से हमारी सोच स्पष्ट है। हम सिर्फ भाग लेने नहीं, बल्कि जीतने के लिए यहां हैं। एक नई टीम के लिए यह सोचना आसान होता है कि इसमें समय लगेगा, लेकिन हमारा ऐसा कभी दृष्टिकोण नहीं रहा। यह विश्वास सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरी टीम का है।"

इनपुट- भाषा

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article