क्रिकेट

IPL 2026, RCB vs GT Qualifier 1 Match Preview: पहले क्वालिफायर को जीत फाइनल में पहुंचने की होगी कोशिश, पाटीदार की सेना के सामने गिल के लड़ाकों की चुनौती

IPL 2026, RCB vs GT Match Preview: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में आज (26 मई 2026) सीजन का पहला क्वालिफायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेला जा रहा है। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें-

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटन्स प्रीव्यू

IPL 2026, RCB vs GT Match Preview: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में आज (26 मई 2026) सीजन का पहला क्वालिफायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेला जा रहा है। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। तेज गेंदबाजों की मददगार धर्मशाला की पिच पर आईपीएल के इस सत्र में बल्लेबाजों ने सहजता से बड़े स्कोर बनाये हैं और मंगलवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले पहले क्वालीफायर मैच में मुख्य मुकाबला बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के बीच होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के स्टेडियम में इस सत्र में यहां खेले गये तीनों मुकाबलों में पहली पारी का स्कोर 200 रन के आंकड़े तक पहुंचा या उससे आगे निकला। तेज गेंदबाजों को यहां सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल मिलती है, लेकिन इस सत्र के आंकड़े बताते हैं कि धर्मशाला अब केवल गेंदबाजों के लिए मुफीद विकेट नहीं रह गया है। बल्लेबाज अगर पिच की समान गति और सही उछाल की शुरुआती चुनौती पार कर लें, तो उन्हें खुलकर खेलने का मौका मिलता है। धर्मशाला की सबसे खास बात अब भी पारी के शुरुआती ओवरों में गेंद की हरकत है। समुद्र तल से लगभग 1450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मैदान भारत के उन चुनिंदा स्थलों में शामिल है, जहां तेज गेंदबाजों को नई गेंद से लगातार स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिलती है। पहाड़ी इलाकों की ठंडी और हल्की हवा गेंदबाजों को हार्ड लेंथ पर प्रभावी गेंदबाजी करने में मदद करती है।

पॉवरप्ले में करना होगा बेहतर प्रदर्शन

अन्य मैदानों के विपरीत यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलने का मतलब कम स्कोर वाला मैच नहीं होता। तेज आउटफील्ड और संतुलित उछाल बल्लेबाजों को भी तेजी से रन बनाने का मौका देती है। इस सत्र के तीनों मुकाबलों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पावरप्ले में गेंदबाजों ने विकेट चटकाने के साथ बल्लेबाजों को चकमा भी दिया, लेकिन गेंद पुरानी होते ही रनों की झड़ी लग गयी। पहले क्वालीफायर में काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी टीम शुरुआती छह ओवरों में गेंद से बेहतर प्रदर्शन करती है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आरसीबी को यहां मामूली बढ़त हासिल नजर आती है। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुवाई वाला उनका तेज आक्रमण नियंत्रण, स्विंग और सटीक हार्ड लेंथ पर आधारित है। धर्मशाला की परिस्थितियों में ये गुण हमेशा कारगर साबित हुए हैं। रोशनी में गेंद को स्विंग कराने और आखिरी ओवरों में गति में बदलाव करने वाले गेंदबाज यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में भी असरदार रहे हैं।

गुजरात के पास शानदार गेंदबाजी आक्रमण

पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी ने 222 रन का विशाल लक्ष्य इसलिए बचा लिया क्योंकि उनके तेज गेंदबाज लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते रहे। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के पास अधिक रफ्तार वाला गेंदबाजी आक्रमण है, जिसे धर्मशाला की अतिरिक्त उछाल और खतरनाक बना सकती है। स्पिन गेंदबाजों की सीमित भूमिका उनकी रणनीति को प्रभावित कर सकती है। राशिद खान आमतौर पर प्रभावी रहते हैं, लेकिन यह पिच उनकी परीक्षा ले सकती है। हाल के मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां अधिकांश विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं और निर्णायक चरणों में टीमों ने स्पिन का अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल किया है। टॉस भी इस मैदान पर अहम भूमिका निभा सकता है। इस सत्र के तीन में से दो मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं। इसकी बड़ी वजह यह रही कि गेंद पुरानी होने और ओस पड़ने के बाद बल्लेबाजी आसान हो जाती है। ऐसे में मंगलवार रात भी पहले गेंदबाजी करना टीमों की प्राथमिकता हो सकती है। ऐसे में आरसीबी का संतुलित तेज गेंदबाजी आक्रमण, पावरप्ले जैसे निर्णायक चरण में परिस्थितियों का बेहतर फायदा उठाने के मामले में गुजरात टाइटंस पर मामूली बढ़त दिला सकता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स की आईपीएल 2026 टीमें (Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans IPL 2026 Full Squads)

रॉयस चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल 2026 की पूरी टीम (Royal Challengers Bengaluru Full Squad):

रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल।

गुजरात टाइटन्स की आईपीएल 2026 की पूरी टीम (Gujarat Titans Full Squad):

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें