क्रिकेट

IPL 2026, RCB vs KKR Pitch Report Today Match: जीते तो केकेआर की होगी चांदी, हारे तो आरसीबी का खेल होगा खराब; जानें रायपुर की पिच रिपोर्ट

IPL 2026, RCB vs KKR Pitch Report Today Match: आईपीएल 2026 में आगामी बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से उनके दूसरे घरेलू मैदान रायपुर में होगा। सात मैच जीतकर RCB जहां अंक तालिका के शीर्ष पर है, वहीं पिछले चार मैच लगातार जीतकर KKR भी प्ले ऑफ की दौड़ में बनी हुई है। दोनों टीमों के बीच हुए अब तक 5 मुकाबलों में 20-15 से KKR आगे है, वहीं पिछले पांच मुक़ाबलों में भी KKR का पलड़ा 4-1 से भारी है। रायपुर में KKR का यह पहला मुक़ाबला होगा, जबकि RCB यहां अपने दोनों मैच जीत चुकी है।

Image

बेंगलुरु और कोलकाता के मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2026, RCB vs KKR Pitch Report Today Match: प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम को अगर अंतिम चार में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित करनी है तो उसके बल्लेबाजों को बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के गेंदबाजों के सामने आक्रामक प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी फिलहाल 14 अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप-2 पर काबिज है।

आरसीबी ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और उसने बमुश्किल जीत हासिल की थी। उसकी टीम आगे फिर से इस तरह की परिस्थिति से नहीं गुजरना चाहेगी। पिछले मैच में वह क्रुणाल पांड्या के अर्धशतक और अंतिम ओवर में भुवनेश्वर कुमार के छक्के से ही लक्ष्य तक पहुंच पाई थी।

आरसीबी की खुल गई है कलई

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट के शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन पिछले कुछ मैच में वह रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए। अगर आरसीबी को वापसी करनी है तो पाटीदार को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा। पिछली छह पारियों में वह केवल एक बार पचास से अधिक और एक बार बीस से अधिक का स्कोर ही बना पाए हैं। इससे आरसीबी की मध्यक्रम की बल्लेबाजी कुछ कमजोर पड़ गई है, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड जैसे अन्य बल्लेबाजों के योगदान ने उसे मुश्किलों से बाहर निकलने में मदद मिली।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स आज की पिच रिपोर्ट (RCB vs KKR IPL Match Today Pitch Report)

आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 57वां मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium Raipur) में खेला जाएगा। इस मैदान पर खेला जाने वाला यह सीजन का तीसरा मुकाबला है। आरसीबी ने इसे अपने दूसरे होम ग्राउंड के रूप में चुना है। यह मैच फ्रेश पिच पर मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, रायपुर की पिचें आम तौर पर धीमी होती हैं, लेकिन उम्मीद है कि यह पिच बैटिंग के लिए अच्छी होगी। मुंबई और आरसीबी के मैच मैच में लो स्कोरिंग मैच देखने को मिला था। रायपुर का मौसम साफ रहेगा। दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और रात में मैच के दौरान 24 डिग्री तक जा सकता है। ऐसे में खिलाड़ियों को मैच के दौरान गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

दोनों टीमों का स्क्वाड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:- रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।

कोलकाता नाइट राइडर्स:- अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, प्रशांत सोलंकी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article