क्रिकेट

RCB-गुजरात के फाइनल ने तोड़ दिया 19 साल का रिकॉर्ड, बना सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच

IPL 2026: अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया। ये फाइनल अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टाटा आईपीएल मैच बन गया।

Image

IPL 2026 Final (BCCI/IPL)

IPL 2026: दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे महंगी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग की पॉपुलैरिटी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। इस बीच IPL 2026 के व्यूवरशिप को लेकर नया आंकड़ा सामने आया है। IPL 2026 ने दर्शकों की संख्या को लेकर नया कीर्तिमान बना दिया है। आधिकारिक प्रसारणकर्ता जियोस्टार के मुताबिक, इस सीजन को रिकॉर्ड 1 अरब 20 करोड़ दर्शकों ने देखा। ये पिछले साल के मुकाबले 7 प्रतिशत का इजाफा है। इस बार फैंस स्क्रीन से चिपके रहे और मैच देखने का कुल समय 870 अरब मिनट तक पहुंच गया।

फाइनल ने बनाए सारे रिकॉर्ड ध्वस्त

अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया। ये फाइनल अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टाटा आईपीएल मैच बन गया। जियोस्टार ने विज्ञप्ति में बताया कि फाइनल को स्क्रीन पर 40 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा। इस मैच ने दर्शकों की संख्या दोगुनी कर दी।

डिजिटल पर दिखा IPL का क्रेज

2026 सीजन में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। कनेक्टेड टीवी पर व्यूअरशिप 22 प्रतिशत बढ़ी। डिजिटल वीडियो पर कुल व्यूज 25 अरब तक पहुंच गए, जो साल दर साल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। सबसे बड़ी बात, डिजिटल माध्यम पर क्षेत्रीय भाषाओं में मैच देखने वालों की संख्या 33 प्रतिशत बढ़ गई। इससे साफ है कि लोग अब अपनी भाषा में आईपीएल देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

हर साल बढ़ रहा IPL का कद

जियोस्टार के आंकड़े बताते हैं कि आईपीएल सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि त्योहार बन चुका है। 870 अरब मिनट का वॉच टाइम दिखाता है कि फैंस ने हर गेंद को एंजॉय किया। 1.20 अरब दर्शकों का आंकड़ा दुनिया की किसी भी स्पोर्ट्स लीग के लिए बहुत बड़ा है। लगातार दूसरा खिताब जीतने वाली आरसीबी के लिए भी ये सीजन यादगार रहा। डिजिटल और रीजनल कंटेंट की ग्रोथ ने साबित कर दिया कि आईपीएल अब टीवी से निकलकर हर स्क्रीन पर छा गया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article