IPL 2026, RR vs CSK: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। इस मैच में दो ऐसे खिलाड़ी खेले, जो पहले अपनी विरोधी टीम में थे। इसमें संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा का नाम शामिल है। इस सीजन से पहले रवींद्र जडेजा चेन्नई के लिए खेलते थे, वहीं संजू सैमसन राजस्थान के कप्तान थे। वहीं इस सीजन में दोनों की टीम बदल गई और रवींद्र जडेजा राजस्थान में तथा संजू सैमसन चेन्नई में चले गए। इस मैच के बाद रवींद्र जडेजा ने एक ऐसा काम किया, जिसने हर क्रिकेट फैन्स का दिल छू लिया।
जडेजा ने किया CSK की जर्सी को KISS
मैच खत्म होने के बाद रविंद्र जडेजा का एक बेहद भावुक पल देखने को मिला। दरअसल, वह अपनी पुरानी टीम के साथी खलील अहमद से मिले। जिनकी जर्सी पर लगे CSK के लोगो को उन्होंने चूम लिया। जडेजा का यह Kiss सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस कह रहे हैं कि जडेजा अपनी पुराटी टीम का मोह त्याग नहीं पाए हैं। इसके अलावा जडेजा अपने पूर्व साथियों खलील अहमद और गुरजपनीत सिंह के साथ बेहद लंबी बातचीत करते भी नजर आ रहे हैं। जडेजा CSK की साल 2018, 2021 और 2023 की खिताबी जीत का बेहद ही अहम हिस्सा रहे हैं।
जडेजा ने किया शानदार प्रदर्शन
बता दें कि जडेजा ने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में मात्र 18 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। वहीं उनकी टीम ने चेन्नई को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया। राजस्थान ने टॉस जीतकर चेन्नई को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम मात्र 127 रन पर आउट हो गई। वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। राजस्थान की तरफ से वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 गेंदों में हाफ सेंचुरी जड़ दी। वहीं राजस्थान ने मात्र 12.1 ओवर में दो विकेट खोकर 128 रन का लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया।
