क्रिकेट

IPL 2026: हरभजन ने उठाए रहाणे की कप्तानी पर सवाल, बोले- नहीं दिखा आईपीएल का स्तर

IPl 2026, MI vs KKR: हरभजन सिंह ने कहा कि मुंबई के खिलाफ सुनील नारायण ने अपने कोटे के पूरे ओवर भी नहीं फेंके, जिससे पता चलता है कि केकेआर के कप्तान की कप्तानी उस स्तर की नहीं थी। दरअसल, रहाणे ने नारायण का इस्तेमाल तब नहीं किया जबकि मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा के खिलाफ इस गेंदबाज का रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा है।

Image

हरभजन ने उठाए रहाणे की कप्तानी पर सवाल (फोटो साभार- IPL/BCCI)

IPl 2026, MI vs KKR: भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान रोहित शर्मा के खिलाफ सुनील नारायण का इस्तेमाल नहीं करने को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे की आलोचना की। रोहित तूफानी बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्होंने 38 गेंद में 78 रन बनाए और सलामी जोड़ीदार रेयान रिकलटन (81 रन) के साथ 72 गेंद में 148 रन की भागीदारी की। तब रहाणे ने नारायण का इस्तेमाल नहीं किया जबकि मुंबई इंडियंस के इस स्टार खिलाड़ी के खिलाफ इस गेंदबाज का रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा है।

'पावरप्ले में सुनील नारायण से करवानी थी गेंदबाजी'

हरभजन ने ’जियोस्टार’से कहा, 'सबसे अच्छा मुकाबला यह होता कि पावरप्ले में नारायण से गेंदबाजी कराई जाती, कम से कम एक या दो ओवर तो जरूर ताकि रोहित को शुरुआत में ही निशाना बनाया जा सके। विकेट लेकर मुंबई पर दबाव बनाने का उनके पास यही सबसे अच्छा मौका था। बल्कि नारायण ने अपने कोटे के पूरे ओवर भी नहीं फेंके, जिससे पता चलता है कि कप्तानी उस स्तर की नहीं थी।' हरभजन ने आगे कहा, 'रोहित और रिकलटन को इसका श्रेय जाता है। उन्होंने आसानी से बल्लेबाजी की और गेंदबाजों को कभी दबाव नहीं बनाने दिया। लेकिन केकेआर इससे कहीं बेहतर तरीके से संभाल सकती थी।'

इरफान पठान ने की शार्दुल ठाकुर की तारीफ

इरफान पठान ने शार्दुल ठाकुर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सपाट पिच पर 39 रन देकर तीन विकेट झटके। पठान ने कहा, 'वह ऐसे गेंदबाज नहीं हैं जो घबरा जाएं, भले ही बल्लेबाज उन पर दबाव बना रहे हों। वह लगातार अपनी गेंदबाजी करते रहते हैं। उनकी सबसे खास बात अपनी गेंदबाजी विविधताओं का इस्तेमाल करने की है।' पठान का मानना है कि शार्दुल हमेशा कुछ नया करने की कोशिश करते रहते हैं। उन्होंने कहा, 'हर बार जब वह अपना रन-अप शुरू करते हैं तो वह पहले से ही अपनी ग्रिप बदल रहे होते हैं, फिर चाहे वह धीमी गेंद के लिए हो, क्रॉस-सीम के लिए, या फिर सीम गेंद के लिए। वह हमेशा कुछ अलग करने की कोशिश में रहते हैं।' पठान ने कहा, 'वह बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए उकसाते हैं और इसी में उन्हें सफलता मिलती है। उनके पास बहुत तेज रफ्तार या स्विंग नहीं है, लेकिन वह लगातार प्रयोग करते रहते हैं। वह अलग लेंथ, अलग गति की वजह से लगातार विकेट लेते रहते हैं।'

इनपुट- भाषा

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article