क्रिकेट

IPL 2026, GT vs RR Preview: आज के दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घर पर जीत का खाता खोलने के इरादे से उतरेगी गुजरात, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें

GT vs RR IPL 2026 Match no nine Preview: गुजरात टाइन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का नौवां मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरु होगा। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

गुजरात टाइटन्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच प्रीव्यू (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

अहमदाबाद: कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की मौजूदगी वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण देखने में तो काफी खतरनाक लगता है, लेकिन शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मैच में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर ’वंडर ब्वाय’ वैभव सूर्यवंशी के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने दूसरे सत्र की शानदार शुरुआत की। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ केवल 15 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया था जिससे उसकी टीम ने 127 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर दिया था। सूर्यवंशी शनिवार को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में एक बार फिर से आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन गुजरात टाइटंस का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है जिसमें रबाडा, सिराज और प्रसिद्ध जैसे खतरनाक तेज गेंदबाज हैं।

शुभमन गिल से बेहतर रणनीति अपनाने की होगी उम्मीद

इस मैच में टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल से बेहतर रणनीति अपनाने की उम्मीद की जाएगी क्योंकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में टीम की हार के दौरान उनके कुछ फैसलों की आलोचना हुई थी। इस मैच में जहां सिराज को केवल दो ओवर दिए गए थे वहीं प्रसिद्ध को 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए लाया गया था। बल्लेबाजी की बात करें तो नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जा रही है, जहां वे खुलकर बल्लेबाजी कर सकते हैं। टूर्नामेंट में अब तक सभी टीम ने लक्ष्य का पीछा करना अच्छा समझा है। राजस्थान रॉयल्स के पास नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर जैसे दो अच्छे तेज गेंदबाज हैं तथा वह गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को शुरुआती ओवरों में कड़ी चुनौती देना चाहेंगे।

गुजरात को राजस्थान के सामने खड़ा करना होगा बड़ा स्कोर

गुजरात टाइटंस की समस्या उसकी शीर्ष तीन बल्लेबाजों की पर अत्यधिक निर्भरता है। कप्तान गिल (27 गेंदों में 39 रन) और बटलर (33 गेंदों में 38 रन) दोनों ही मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने रंग में नहीं दिखे। सुदर्शन (11 गेंदों में 13 रन) भी चोट से उबरने के बाद लय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया की मौजूदगी वाला उनका मध्य क्रम भी उतना भरोसेमंद नहीं है।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अगर टाइटन्स पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे कम से कम 220 रन बनाने होंगे ताकि उनके गेंदबाजों को सूर्यवंशी पर हावी होने का मौका मिल सके। अगर वह लक्ष्य का पीछा करते हैं तो उन्हें विपक्षी टीम को 200 रन के अंदर रोकना होगा। पिछले दो सत्र में डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी कुछ खास प्रभावशाली नहीं रही।

गुजरात को नहीं मिल सका है इन कमियों का तोड़

तेवतिया शुरुआत से ही आक्रामक नजर नहीं आए हैं। शाहरुख की अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के सामने तकनीकी दिक्कतें हैं और यह हैरानी की बात है कि आशीष नेहरा जैसे काबिल कोच ने उनका कोई अच्छा विकल्प नहीं ढूंढा है। जहां तक रॉयल्स की बात है तो कागजों पर टीम काफी अच्छी दिखती है, हालांकि असम के रियान पराग को कप्तान नियुक्त करने के फैसले पर अभी भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे भारतीय स्टार खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया।

गुजरात और राजस्थान की आईपीएल 2026 टीमें (Gujarat Titans and Rajasthan Royals IPL 2026 Full Squads)

गुजरात टाइटन्स की आईपीएल 2026 की टीमः(Gujarat Titans Full Squad)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, जोस बटलर, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, अरशद खान, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, गुरनूर सिंह बराड़, राशिद खान, मानव सुथार, साई किशोर, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, जेसन होल्डर, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड, पृथ्वी राज यारा, टॉम बैंटन।

राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 की टीमः (Rajasthan Royals Full Squad)

रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जड़ेजा, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें CSK बनाम PBKS छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article