IPL 2026: भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ का मानना है कि आईपीएल 2026 के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह विश्व स्तरीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया, वह उसकी खास प्रतिभा और निडर खेल का परिचायक है। पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने 15 गेंद में अर्धशतक जमाकर राजस्थान रॉयल्स को चेन्नई सुपर किंग्स पर शानदार जीत दिलाई। पिछले साल आईपीएल शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने सूर्यवंशी ने मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। बांगड़ ने स्टार स्पोटर्स से कहा, 'वैभव सूर्यवंशी अलग ही खिलाड़ी है। उसने गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ दी। मैट हेनरी और खलील अहमद जैसे गेंदबाजों पर दबाव बनाया। वहीं नूर अहमद जैसे गेंदबाज के लिये भी परेशानी का सबब बना।'
15 की उम्र में की बेखौफ बल्लेबाजी
बांगड़ ने कहा, 'उसने पंद्रह वर्ष की उम्र में चार बेहतरीन गेंदबाजों पर अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से दबाव बनाया। यह उसकी खासियत है और मुझे बहुत पसंद है। जिस तरह से उसने इस सत्र में शुरूआत की है, यह उसके लिये यादगार रहने वाला है।' गौरतलब है कि चेन्नई के खिलाफ मिले 128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदों की पारी में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से शानदार 52 रन बनाए। जिससे राजस्थान ने 128 रन के लक्ष्य को मात्र 12.1 ओवर में दो विकेट पर हासिल कर लिया। यह मैच में बची हुई गेंदों के लिहाज से राजस्थान की सबसे बड़ी जीत थी।
मात्र 15 गेंद में सूर्यवंशी ने जड़ा था पचासा
इस मैच में सूर्यवंशी ने अपना अर्धशतक महज 15 गेंदों में पूरा कर अपने 15वें जन्मदिन के तीन दिन बाद खुद को शानदार तोहफा दिया। उन्हें यशस्वी जायसवाल का अच्छा साथ मिला। दोनों ने महज 38 गेंदों में 75 रन की साझेदारी कर पावरप्ले में ही टीम की जीत लगभग पक्की कर दी थी। अंशुल कंबोज ने चेन्नई के लिए दो विकेट लिए, लेकिन यह राजस्थान की तूफानी बल्लेबाजी को रोकने के लिए काफी नहीं था। लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने मैट हेनरी का स्वागत चौके और छक्के से करने के बाद उनके अगले ओवर में एक और छक्का जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए अंशुल कंबोज की लगातार गेंदों पर चौका लगाने के बाद लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ा, जिससे टीम ने पांचवें ओवर में 50 रन पूरे किए। सूर्यवंशी ने छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए नूर अहमद के खिलाफ लगातार दो छक्कों के साथ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह राजस्थान के लिए दूसरा सबसे तेज और किसी भारतीय बल्लेबाज का इस लीग में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
