क्रिकेट

IPL 2025: मुंबई इंडियंस को लग सकता है बड़ा झटका, आईपीएल में गौतम गंभीर की पुरानी टीम से जुड़ सकते हैं जहीर खान

IPL 2025, Lucknow Super Giants Mentor: इंडियन प्रीमियर लीग से पहले फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल के नए सीजन का आगाज अगले साल होना है। रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम गंभीर की पुरानी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जहीर खान जुड़ सकते हैं। वे आईपीएल में नई भूमिका में नजर आ सकते हैं।

Image

जहीर खान के साथ मुंबई इंडियंस का खिलाड़ी। (फोटो- Mumbai Indians Facebook)

IPL 2025, Lucknow Super Giants Mentor: आईपीएल 2025 में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान नई भूमिका में नजर आ सकते हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, जहीर खान की मेंटॉर की भूमिका के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ बातचीत चल रही है। भारत की 2011 वनडे विश्व कप विजेता टीम के सदस्य जहीर खान को गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी से बनी जगह पर रखने की बात चल रही है। अगर जहीर यह पद संभालते हैं, तो लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों को काफी मदद मिलेगी क्योंकि जहीर एक दिग्गज गेंदबाज रहे हैं।

बता दें, गौतम गंभीर के 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स चले जाने के बाद से लखनऊ में कोई मेंटॉर नहीं है। जानकारी के अनुसार, "भारतीय टीम के साथ जहीर खान की संभावित भूमिका के लिए बात नहीं बन सकी, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गंभीर की सिफारिश पर मोर्ने मोर्कल को प्राथमिकता दी।"

लखनऊ सुपर जायंट्स के मौजूदा कोचिंग सेटअप में एडम वोग्स, लांस क्लूजनर, जॉन्टी रोड्स, श्रीधरन श्रीराम और प्रवीण तांबे के साथ हेड कोच जस्टिन लैंगर भी हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी में एक और प्रमुख कोच के शामिल होने की भी चर्चा है, लेकिन इसका विवरण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।

सातवें नंबर पर रही थी एलएसजी

केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स का आईपीएल 2024 में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। टीम को कुल 14 मैचों में से 7 मैचों में जीत मिली थी और 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम का नेट रनरेट -0.667 रहा था। लखनऊ 14 अंक के साथ पॉइंट टेबल में 7वें नंबर पर रही थी। जबकि, आईपीएल 2023 में टीम नॉकटाउट पर पहुंची थी। हालांकि, टीम को एलिमिनेटर मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article