क्रिकेट

IPL 2025: हार्दिक पांड्या ने कहा, मुंबई इंडियन्स को खलेगी इस खिलाड़ी की कमी

हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2025 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ ईशान किशन के जुड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वो हमेशा मुबई इंडियन्स के पॉकेट डायनमो रहेंगे और उनकी कमी टीम को खलेगी।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार IPL/BCCI)

मुंबई: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने रविवार को कहा कि उन्हें पता था कि ईशान किशन को उनके कौशल के कारण इंडियन प्रीमियर लीग की बड़ी नीलामी में वापस अपने साथ जोड़ना मुश्किल होगा। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज किशन मुंबई इंडियंस की रिटेंशन (अपने साथ बरकरार रखे गए खिलाड़ी) सूची में शामिल नहीं थे। पांच बार की इस चैंपियन टीम ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, मौजूदा कप्तान पांड्या, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह को रिटेन किया।

हैदराबाद ने ईशान को 11.25 करोड़ में खरीदा

किशन को पिछले सत्र में फाइनल में जगह बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद ने 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुंबई इंडियंस ने 3.20 करोड़ रुपये बोली पहुंचने के बाद किशन पर बोली लगाना बंद कर दिया था। किशन का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। मुंबई इंडियंस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में पांड्या ने कहा,'ईशान टीम की ताजगी और ऊर्जा रहे हैं।'

हमे पता था ईशान को वापस पाना होगा मुश्किल

उन्होंने कहा,'जब हम उसे रिटेन नहीं कर पाए तो हमें हमेशा पता था कि उसे नीलामी में वापस पाना मुश्किल होगा क्योंकि हम जानते थे कि वह किस तरह का खिलाड़ी है और उसके पास किस तरह का हुनर है।'

मुंबई इंडियन्स को खलेगी उनकी कमी

पांड्या ने किशन को मुंबई के ‘पॉकेट डायनमो’ के रूप में याद किया। टीम के साथ किशन के छह साल जुड़े रहने के दौरान मुंबई ने 2018-24 के बीच दो बार खिताब जीता। पांड्या ने कहा,'वह हमेशा ड्रेसिंग रूम को जीवंत रखता था। वह बहुत से लोगों को हंसाता था। यह प्यार और गर्मजोशी उसके लिए बहुत स्वाभाविक थी। लेकिन हां, वह ईशान था जो इस टीम में इतना प्यार लेकर आता था। हमें उसकी कमी खलेगी। ईशान किशन आप मुंबई इंडियन्स के पॉकेट डायनमो थे और हम सभी को आपकी कमी खलेगी। हम सभी आपसे प्यार करते हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article