मुंबई: लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में बतौर बल्लेबाज बेहद शानदार रहा है। उनकी कप्तानी वाली टीम सीजन में धमाल नहीं मचा सकी लेकिन आखिरी मैच तक उन्होंने प्लेऑफ का टिकट हासिल करने की पुरजोर कोशिश की। इस कोशिश में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में केएल राहुल ने एक बार फिर कप्तानी अर्धशतक जड़ा और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
आईपीएल 2024 में पूरे किए 500 रन
केएल राहुल ने पारी की आगाज करते हुए 41 गेंद में 55 रन की पारी खेली। ये सीजन में राहुल का चौथा अर्धशतक था। इस अर्धशतकीय पारी के दौरान राहुल ने सीजन में 500 रन के आंकड़े को भी पार कर लिया। मौजूदा सीजन में 500 रन के आंकड़े को पार करने वाले राहुल सातवें बल्लेबाज बने। राहुल ने आईपीएल 2024 में 14 मैच की 14 पारियों में एक बार भी नाबाद रहे बगैर 520 रन बनाए हैं। ये रन उन्होंने 37.14 के औसत और 136.12 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 82 रन रहा और उन्होंने 4 अर्धशतक सीजन में जड़े।
सबसे ज्यादा बार सीजन में 500+ रन
केएल राहुल आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 500 रन के आंकड़े को पार करने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने साल 2018 से अबतक छठी बार ये कारनामा किया है। पिछले सीजन चोट की वजह से राहुल बीच में टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। नहीं तो वो लगातार सात बार 500 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाते। राहुल से ज्यादा बार ये कारनामा विराट कोहली और डेविड वॉर्नर ने किया है। दोनों ने 7-7 बार सीजन में पांच सौ से ज्यादा रन बनाए हैं।
मुंबई के खिलाफ फिर चला राहुल का बल्ला
केएल राहुल का बल्ला मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल में एक बार फिर चला। राहुल ने 41 गेंद में 55 रन की पारी खेली। राहुल के नाम मुंबई के खिलाफ आईपीएल नें 18 मैच में 79.16 के औसत और 135.52 के स्ट्राइक रेट से 950 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं।
