IPL 2024, CSK (Chennai Super Kings) vs KKR (Kolkata Knight Riders) Pitch Report And Chennai Weather Forecast Today( 8 April 2024): आईपीएल 2024 के 22वें मुकाबले में चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइ़डर्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भिड़ंत होगी। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके ने सीजन की शुरुआत घरेलू मैदान पर लगातार दो जीत के साथ की थी। लेकिन उसके बाद घर से बाहर उसे लगातार दो मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। कोलकाता के खिलाफ भिड़ंत से पहले सीएसके 4 मैच में 2 जीत और 2 हार के साथ अंक तालिका(IPL Points Table 2024) में तीसरे पायदान पर काबिज है। वहीं दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल का 17वां सीजन शानदार रहा है। केकेआर लगातार तीन मैच जीत चुकी है और विजयरथ पर सवार होकर चेन्नई को चुनौती उसके घर पर चुनौती देने पहुंची है। ऐसे में आइए जानते हैं सोमवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच का कैसा रहेगा मिजाज और चेन्नई के मौसम का कैसा रहेगा हाल?
चेन्नई सुपर किंग्स-कोलकाता नाइट राइडर्स मैच की पिच रिपोर्ट (CSK vs KKR Pitch Report)
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अब तक 78 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। जिसमें 47 मैच मेजबान टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं। सीएसके को चेन्नई में मात देना विरोधी टीमों के लिए हमेशा से टेढ़ी खीर रहा है। चेपॉक की पिच हमेशा से हाई स्कोरिंग रही है। बल्लेबाज यहां जमकर रनों की बारिश करते हैं। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर (246/5) चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज है। इस मैदान पर टी20 क्रिकेट में ज्यादा विकेट तेज गेंदबाजों को शुरुआती और अंतिम ओवरों में मिलते आए हैं लेकिन मध्य के ओवरों में स्पिनर्स काफी खतरनाक साबित होते हैं। ऐसा ही मौजूदा सीजन में भी चेन्नई में होता दिखा है। इसलिए सोमवार को खेले जाने वाले मुकाबले में भी रन बनेंगे। चेन्नई ने सीजन के पहले मुकाबले में 174 रन के लक्ष्य का सफलता पूर्वक पीछा किया था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था और जीत हासिल की थी।
आज कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम? (Chennai Weather Today)
चेन्नई में सोमवार(8 अप्रैल, 2024) को भीषण गर्मी रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा। हालांकि आसमान में कुछ बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। शाम के वक्त तापमान में कमी आएगी शाम को मैच के दौरान तापमान 31 डिग्री के इर्दगिर्द रहेगा। गर्मी के साथ-साथ 80 प्रतिशत उमस भी रहेगी जिसकी वजह से खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
