IPL 2023: विराट कोहली की आंधी में उड़े सनराइजर्स, आईपीएल में छठा शतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
विराट कोहली ने गुरुवार को आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धमाकेदार शतकीय पारी खेलकर आरसीबी की प्लेऑफ की संभावनाओं को बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
Virat kohli Century against Sunrisers Hyderabad: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली का आईपीएल 2023 में शानदार फॉर्म बदस्तूर जारी है। विराट कोहली ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 100 (63) की मैच जिताऊ पारी खेली और टीम को 8 विकेट से जीत दिलाकर आरसीबी की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखा।
जीत के लिए 187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पहले विकेट के लिए विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी के बीच 172 रन की साझेदारी हुई। दोनों ने धमाकेदार बल्लेबाजी की लेकिन विराट आज डुप्लेसी से एक कदम आगे निकल गए। शुरुआत से ही उन्होंने तेज गति से रन बनाना शुरू कर दिया था। वो शतक जड़ने तक इसी अंदाज में दिखे और 62 गेंद में 12 चौके और चार छक्के की मदद से आईपीएल में अपना छठा शतक पूरा कर लिया।
विराट के बल्ले से 2019 के बाद आईपीएल में शतक निकला और इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब 6-6 शतक हो गए हैं।
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी
दोनों ने मिलकर मौजूदा सीजन में 13 मैच में 872 रन जोड़े हैं। इस जोड़ी ने एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयर्स्टो की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौजूदा सीजन में डुप्लेसी ने आठ अर्धशतक सहित 702 रन बनाए हैं वहीं विराट कोहली भी 538 रन जुटा लिए हैं। दोनों जिस फॉर्म में हैं उसे देखकर लगता है कि विराट-डुप्लेसी की जोड़ी आईपीएल इतिहास में एक सीजन में एक हजार से ज्यादा रन जोड़ने वाली पहली सलामी जोड़ी बनने के कगार पर हैं। अगर आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही तो निश्चित तौर पर नया इतिहास रचकर रहेगी।
आरसीबी के लिए दूसरे सबसे बड़ी साझेदारी
फॉफ डुप्लेसी और विराट कोहली की जोड़ी आईपीएल में एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी बनने से 9 रन के अंतर से चूक गई। आरसीबी के लिए बतौर सलामी जोड़ी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के नाम दर्ज है। दोनों ने साल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 181 रन की नाबाद साझेदारी की थी।
विराट ने पार किया 500 का आंकड़ा
विराट कोहली ने हैदराबाद के खिलाफ 100 रन की पारी खेलकर आईपीएल 2023 में अपने 500 रन भी पूरे कर लिए। 13 मैच की 13 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 44.83 के औसत और 135.85 के स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। विराट आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट चार साल लंबे अंतराल के बाद आईपीएल में 500 रन से ज्यादा रन बनाने में सफल हुए हैं। साल 2018 में विराट ने 530 रन बनाए थे।
सबसे ज्यादा बार सीजन में 500+ रन
विराट कोहली एक सीजन में 500 से ज्यादा रन सबसे ज्यादा बार बनाने के मामले में डेविड वॉर्नर की बराबरी पर पहुंच गए हैं। विराट ने 2011, 2013, 2015, 2016, 2018 और 2023 में ये कारनामा किया है। वहीं डेविड वॉर्नर ने भी छह बार ऐसा किया है। विराट के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। 2016 में उन्होंने 973 रन बनाए थे। जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल थे। ये विराट का एक सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। उनके इस रिकॉर्ड को पिछले 7 साल में कोई चुनौती नहीं दे सका है।