क्रिकेट

TATA IPl 2023: ग्रीन जर्सी में खाता नहीं खोल पाए कोहली, बोल्ट ने पहली गेंद पर किया आउट

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 23, 2023, 04:33 PM IST

TATA IPl 2023, Virat Kohli IPL Golden Duck: इंडियन प्रीमियर लीग के 32वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का सामना राजस्थान रॉयल्स से हुआ। बेंगलोर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में आरसीबी की टीम ग्रीन जर्सी में उतरी थी। इस मुकाबले में विराट कोहली गोल्डन डक हो गए।

Image

विराट कोहली और ट्रेंट बोल्ट। (फोटो - IPL/BCCI)

TATA IPl 2023, Virat Kohli IPL Golden Duck: आईपीएल के 32वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली गोल्डन डक हो गए। उनको राजस्थान के धाकड़ गेंदबाज ट्रेंट बोल्ड ने ज्यादा देर मैदान पर नहीं रुकने दिया। बोल्ट ने पहली ही गेंद पर कोहली को आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया। हालांकि, मौजूदा सीजन में विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। वे मौजूदा सीजन में पहली बार बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं।

ग्रीन जर्सी में दूसरी बार डक हुए कोहली

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम ग्रीन जर्सी में उतरी थी। कोहली ग्रीन जर्सी में दूसरी बार गोल्डन डक हुए हैं। पिछले सीजन यानी 2022 में कोहली को जे. सुचित ने पहली गेंद पर आउट किया था। ऐसा ही इस सीजन में भी हुआ। कोहली राजस्थान के खिलाफ बल्लेबाजी करने मैदान पर आए और राजस्थान के ट्रेंट बोल्ट ने उनको पारी की पहली गेंद पर आउट कर दिया।

कोहली 16 साल में 10 बार हुए डक

आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल के पहले सीजन से लेकर अभी तक कुल 10 बार डक हो चुके हैं। कोहली 2008 से अभी तक कुल 230 मैच खेल चुके हैं। इसमें वे 129.60 की स्ट्राइक रेट और 36.52 की औसत से 6903 रन बना चुके हैं। इस दौरान वे 5 शतक और 48 अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। इसके अलावा आईपीएल के 16 साल में उनके बल्ले से 603 चौके और 229 छक्के निकले हैं।

मौजूद सीजन में ऐसा है कोहली का प्रदर्शन

आईपीएल के मौजूदा सीजन में विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। वे 6 मैचों में 142.34 की स्ट्राइक रेट से 279 रन बना चुके हैं। कोहली टॉप स्कोरर की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। कोहली मौजूदा सीजन के 6 मैचों में 4 बार अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं। वे अभी तक 25 चौके और 11 छक्के भी जमा चुके हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article