Suryakumar Yadav first IPL hundred: मुंबई इंडियन्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ कहर बरपाते हुए 49 गेंद में शतक जड़ दिया। यह सूर्यकुमार यादव का घरेलू धरती पर और आईपीएल में पहला शतक है। इसके साथ ही उन्होंने 12 साल से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज के शतकों के सूखे को खत्म कर दिया। मुंबई के लिए वानखेड़े में आखिरी शतक सचिन तेंदुलकर ने जड़ा था। आज उनकी मौजूदगी में सूर्या ने वही कारनामा कर दिखाया।
छक्के के साथ पूरा किया पहला आईपीएल शतक
सू्र्यकुमार ने अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए फॉर्म को जारी रखा और 32 गेंद में सीजन में वानखेड़े स्टेडियम में लगातार चौथा अर्धशतक जड़ दिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद सूर्या की बल्लेबाजी का अंदाज और घातक हो गया और उन्होंने अगली 17 गेंद में अपना शतक 49 गेंद में 11 चौके और 6 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। सूर्या ने अपनी पारी के दौरान 210.20 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना आईपीएल में पहला शतक पूरा किया।
वानखेड़े में जमकर चल रहा है सूर्या का बल्ला
सूर्यकुमार की आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि वो पारी के 16वें ओवर में 31 गेंद में 47 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने 32 गेंद में अर्धशतक जड़ा और 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया। अंत में वो 49 गेंद में नाबाद 103* रन बनाकर पवेलियन लौटे। पिछले सात मैच में सूर्या ने 57(26), 23(12), 55(29), 66(31), 26(22), 83(35) और 103*(49) रन की पारियां खेली हैं। इन सात में चारों 50 रन से ज्यादा की पारियां वानखेड़े में उनके बल्ले से निकली हैं।
सीजन का चौथा शतक, तीसरे शतकवीर भारतीय
सूर्यकुमार यादव मौजूदा आईपीएल सीजन में शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय और चौथे प्लेयर हैं। उनसे पहले वेंकटेश अय्यर, यशस्वी जायसवाल और हैरी ब्रूक आईपीएल 2023 में शतकीय पारियां खेल चुके हैं।
खराब शुरुआत के बाद आई बहार
सूर्यकुमार यादव के लिए आईपीएल 2023 की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। शुरुआती 5 मैच में वो 47 गेंद में केवल 66 रन बना सके थे। लेकिन एक बार फॉर्म में लौटते ही उन्होंने मैदान पर चौकों छक्कों की बारिश कर दी और 7 पारियों में 204 गेंद में 413 रन 4 अर्धशतक और एक शतक की मदद से ठोक दिए। उनके फॉर्म में लौटते ही मुंबई पलटन भी जीत की पटरी पर लौट आई है। आईपीएल 2023 में उनके खाते में 12 मैच की 12 पारियों में 43.55 के औसत और 190.83 की इकोनॉमी के साथ कुल 479 रन बनाए हैं। वो अपनी धमाकेदार शतकीय पारी के साथ ऑरेंज कैप की रेस में भी तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
