वर्ल्ड के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात के विस्फोटक बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ दिया। हैदराबाद के खिलाफ गिल ने 56 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 1 छक्का लगाया। इतना ही नहीं गिल ने इस मैच में गुजरात के लिए खेलते हुए आईपीएल में अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए। वह 58 गेंद में 101 रन की पारी खेलकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर अब्दुल समद के हाथो कैच आउट हुए। वह गुजरात टाइटंस की तरफ से शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
आईपीएल में बनाया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर
यह गिल के आईपीएल करियर का पहला सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले उन्होंने लखनऊ के खिलाफ मैच में 51 गेंद पर नाबाद 94 रन की पारी खेली थी। उन्होंने उस पारी में 2 चौके और 7 छक्के जड़े थे। इससे पहले उन्होंने उनका आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर 96 रन था जो पिछले सीजन आया था।
आईपीएल में पहली बार 500 रन
शुभमन गिल ने इस पारी के दम पर पहली बार आईपीएल सीजन में 500 रन का आंकड़ा छू लिया है। अब उनके नाम 13 मैच में 576 रन हो गए हैं और वह ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल के लिए नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम लकी रहा है। इस सीजन ज्यादातर रन उन्होंने होम ग्राउंड पर ही बनाए हैं। गिल इस मैदान पर पिछले 7 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक जड़ चुके हैं।
सुदर्शन के साथ की शतकीय साझेदारी
इससे पहले गुजरात ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और साहा बिना खाता खोले आउट हो गए। गिल और सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इन दोनों की पारी की बदौलत ही गुजरात ने हैदराबाद के सामने 189 रन का लक्ष्य रखा।
