क्रिकेट

IPL 2023: इस मामले में शुभमन गिल ने तोड़ी सारी दीवारें, बने ये कमाल करने वाले दूसरे भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 24, 2023, 09:35 PM IST

गुजरात टाइटन्स के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने मंगलवार को आईपीएल में वो उपलब्धि हासिल की जो विराट के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं हासिल कर पाया।

Image

शुभमन गिल(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • शुभमन गिल बने आईपीएल सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
  • विराट कोहली के बाद ऐसा करने वाले बने दूसरे भारतीय
  • ऑरेंज कैप की रेस में हैं सबसे आगे

Most runs by Indian in an IPL season: भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे शुभमन गिल का बल्ला आईपीएल 2023 में जमकर रन उगल रहा है। साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीनों फॉर्मेट में धमाल मचाने के बाद आईपीएल में पहुंचे शुभमन गिल ने धमाकेदार बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखा। अपनी शानदार बल्लेबाजी के बल पर गिल ने सीजन में प्लेऑफ में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 42 रन की पारी खेलकर सीजन में 700 रन के आंकड़े को पार कर लिया और इस मुकाम पर पहुंचने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे भारतीय और सबसे युवा बल्लेबाज बन गए।

सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर

गिल आईपीएल इतिहास में 700 रन के आंकड़े को पार करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।शुभमन गिल के नाम आईपीएल 2023 में 15 मैच की 15 पारियों में 55.54 के औसत और 149.17 के स्ट्राइक रेट के साथ 722 रन हो गए हैं। उन्होंने सीजन में 2 शतक और 4 अर्धशतक जड़े और गुजरात टाइटन्स को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले क्वालीफायर में भी गिल अपनी टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। गिल ऑरेंज कैप की रेस में फॉफ डुप्लेसी के बाद दूसरे पायदान पर चल रह हैं। दूसरे क्वालीफायर मुकाबले के दौरान ही वो अपने नाम करने में सफल हो सकते हैं।

विराट कोहली के नाम दर्ज है रिकॉर्ड

गिल आईपीएल के एक सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे ज्यादा रन एक सीजन में विराट कोहली ने साल 2016 में बनाए थे। विराट ने उस सीजन में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैच में 973 रन 152.03 के स्ट्राइक रेट और 81.08 के औसत से बनाए थे। जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल थे। यह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। विराट करियर में केवल एक ही बार 700 रन के आंकड़े को पार कर सके हैं। करियर के नौवें सीजन में विराट 700 रन के आंकड़े को पार करने में सफल हुए थे जबकि गिल को इसके लिए केवल 6 सीजन खेलने पड़े हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article