क्रिकेट

IPL 2023: रोहित शर्मा ने की एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी, बने इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 22, 2023, 11:14 PM IST

मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी आतिशी पारी के दौरान तीन छक्के जड़े और आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में साझा रूप से एबी डिविलियर्स के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

Image

रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन(साभार IPL/BCCI)

Most Sixes by Indian In IPL History: मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2023 में अपने फॉर्म को पंजाब किंग्स के खिलाफ बरकरार रखा। जीत के लिए 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करते हुए हिटमैन ने 27 गेंद में 44 रन की आतिशी पारी खेली। रोहित राहुल चाहर की गेंद पर फॉलो थ्रू में लपके गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के जड़े। भले ही रोहित अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए लेकिन इस पारी के दौरान वो आईपीएल में 250 छक्के पूरे करने में सफल रहे।

एबी डिविलियर्स की बराबरी पर पहुंचे

आईपीएल इतिहास में रोहित शर्मा 250 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय हैं। रोहित ने ये उपलब्धि आईपीएल में 233वां मैच खेलते हुए हासिल की। उन्होंने अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ते ही 250 छक्के पूरे कर लिए। उनके खाते में अब 251 छक्के दर्ज हो गए हैं। इसके साथ ही वो आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल के बाद सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में एबी डिविलियर्स के साथ साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। डिविलियर्स के खाते में भी 251 छक्के जड़े हैं। वहीं पहले पायदान पर काबिज गेल के खाते में सबसे ज्यादा 357 छक्के दर्ज हैं।

टॉप फाइव में धोनी और विराट का भी नाम

आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और रोहित शर्मा के बाद चौथे स्थान पर एमएस धोनी और पांचवें पर विराट कोहली हैं। धोनी के बल्ले से आईपीएल में 235 और विराट के बल्ले से 229 छक्के निकले हैं। मौजूदा सीजन में जैसे फॉर्म में धोनी और विराट हैं वो भी जल्दी ही 250 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो सकते हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article