IPL 2023, PBKS vs RR Pitch Report Today Match and Weather Forecast: आईपीएल 2023 में आज एक और अहम व बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ की दौड़ और भी दिलचस्प और रोचक हो चुकी है। आज का मैच पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने जा रहा है। दोनों ही टीमें प्लेऑफ की दौड़ में शामिल हैं, लेकिन यहां से एक हार टीम के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। ऐसे में शिखर धवन की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स हो या फिर संजू सैमसन की स्टार्स से सजी राजस्थान रॉयल्स की टीम, दोनों को किसी भी हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
अगर अंक तालिका को देखें तो पंजाब किंग्स की टीम अब तक मौजूदा सीजन में 13 मैच खेल चुकी है जिसमें उसने 6 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि सात मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। उनके अभी 12 अंक हैं और वे आठवें पायदान पर हैं। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स ने भी अब तक 13 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं और 7 मैच हारे हैं। वे 12 अंकों के साथ छठे पायदान पर हैं। उनका नेट रन रेट पंजाब किंग्स से काफी बेहतर है। ऐसी स्थिति में पंजाब किंग्स को अगर आगे बढ़ना है तो जीत के साथ-साथ उनको अपने नेट रन रेट को बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा। अब जानते हैं कि आज पंजाब-राजस्थान मुकाबले की पिच रिपोर्ट कैसी होगी और कैसा रहेगा धर्मशाला के मौसम का हाल।
कैसी होगी पंजाब-राजस्थान मैच की पिच रिपोर्ट? (PBKS vs RR Pitch Report)
आज आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें धर्मशाला की खूबसूरत वादियों के बीच एचपीसीए (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) स्टेडियम में मैदान पर होंगी। इस मैदान की पिच अब तक तो एक पहेली थी क्योंकि यहां लंबे समय से कोई मैच नहीं हुआ था लेकिन एक दिन पहले ही यहां पर पंजाब और दिल्ली के बीच इस वेन्यू का सीजन में पहला मैच हुआ था। उस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 15 रन से शिकस्त दी थी। उस मैच के आधार पर देखें तो यहां बल्लेबाज एक बार फिर जमकर रन बरसा सकते हैं। उस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली के शीर्ष चार बल्लेबाजों ने 46, 54, नाबाद 82 और नाबाद 26 रनों की पारियां खेलते हुए 2 विकेट खोकर 212 रन बना डाले थे। जवाब में पंजाब ने लियाम लिविंगस्टोन के 48 गेंदों में 94 रन के धमाके और अथर्व ताइडे के 55 रनों के दम पर टीम को अच्छी पकड़ दी थी, लेकिन मध्य क्रम के अन्य बल्लेबाज फेल होने के बावजूद उन्होंने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 198 रन बना लिए थे। गेंदबाजों में यहां तेज गेंदबाजों का दबदबा नजर आया है। उस मैच में जो 10 विकेट गिरे थे, उसमें 9 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए थे।आज कैसा रहेगा धर्मशाला का मौसम? (Dharamshala Weather Today)
इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ये बड़ा मुकाबला धर्मशाला में खेला जाना है। यहां के मनमोहक नजारे दर्शकों और खिलाड़ियों को लुभाने का काम करेंगे लेकिन आज यहां मौसम कैसा रहेगा, इस पर भी नजर डाल लेते हैं। आज धर्मशाला में दिन में धूप खिले रहने का अनुमान है, लेकिन शाम को कुछ जगहों पर थोड़ी-बहुत बारिश भी हो सकती है लेकिन ये मैच को प्रभावित करने वाली नहीं होगी। उमस जरूर रहेगी। जैसे-जैसे शाम ढलेगी मौसम ठंडा होता जाएगा। धर्मशाला में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने का अनुमान है।पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाला ये मैच शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। फैंस की नजरें दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों पर टिकी होंगी जिनमें कई नाम आते हैं। पंजाब की तरफ से शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी मैच का रुख पलट सकते हैं। जबकि राजस्थान रॉयल्स में तो जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, कप्तान संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल जैसे कई धुरंधरों की भरमार है।
