शहर

दान की रकम,सोने-चांदी के सिक्के और शालिग्राम गायब! बदरीनाथ मामले में SIT ने तेज की जांच, CCTV से खुलेंगे बड़े राज

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले के बाद अब Badrinath Dham में भी कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है। वहीं, एसआईटी ने अब मामले में जांच तेज कर दी है।

Image

बदरीनाथ धाम में दान चोरी की जांच तेज।

Photo : Twitter

देहरादून: अयोध्या के राम मंदिर में दान में चोरी के बाद अब उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम के दान में कथित हेराफेरी के मामले में जांच तेज हो गई है। इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम ने आज धाम पहुंचकर दान कक्ष से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल शुरू की।

उत्तराखंड पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज मंदिर की सीसीटीवी फुटेज जांची गई है। दरअसल, मामले के आरोपी प्रमोद नौटियाल पर दान कक्ष से नकदी,सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए लिफाफों को कथित तौर पर छिपाने या चोरी करने का आरोप है।

500 और 100 रुपये के नोटों की गड्डी ले जाते दिखा प्रमोद नौटियाल

पुलिस का दावा है कि दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में नौटियाल को 500 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम और करीब 10 से 12 हजार रुपये की नकदी वाले लिफाफों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाते हुए देखा गया है। इस फुटेज में वह कई बार अपने कार्यालय और दान गिनने वाले कक्ष के बीच आते-जाते भी दिखाई देता है।

25 जून से 29 जून के बीच की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जांच एजेंसी

जांच एजेंसियों को आशंका है कि दान कक्ष से कथित तौर पर निकाली गई नकदी और अन्य कीमती वस्तुओं को आरोपी अपने कार्यालय में छिपाता था। इसी शक के आधार पर एसआईटी अब 25 जून से 29 जून के बीच की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। इसके अलावा जांच टीम ने आरोपी के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित गड़बड़ी में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले के सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर भी नजरें टिकी हुई हैं। श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में SIT की जांच को बेहद अहम माना जा रहा है।

जांच समिति में कौन-कौन?

बदरीनाथ मंदिर में दान-चढ़ावे को लेकर अनियमितता की शिकायत पर गठित उच्च स्तरीय समिति में अध्यक्ष आयुक्त गढ़वाल मंडल के साथ प्रबंध निदेशक, एनएचएम संदीप तिवारी तथा कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति मंदिर में आने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट एवं संस्तुतियां शासन को प्रस्तुत करेगी।

बता दें कि प्रमोद नौटियाल BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के प्रर्सनल सेक्रेटरी रहे हैं। प्रमोद के खिलाफ प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। कार्रवाई से पहले 3 जुलाई 2026 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article