क्रिकेट

आईपीएल में आखिरी ओवर के सरताज हैं एमएस धोनी, कोई नहीं है आस-पास

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 30, 2023, 08:27 PM IST

महेंद्र सिंह धोनी उम्र के चालीस पड़ाव पार करने के बाद भी आईपीएल में अपनी दबंगई बरकरार रखी है। वो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर तो हैं ही लेकिन 20वें ओवर में उनसे ज्यादा रन बनाने और छक्के जड़ने के मामले में कोई आसपास नहीं है।

Image

एमएस धोनी(साभार IPL/BCCI)

Most Sixes in Last Over in IPL: महेंद्र सिंह धोनी उम्र के 40 वर्ष के पड़ाव पार कर चुके हैं लेकिन मैदान पर उनके बल्ले का जादू फीका नहीं हो रहा है। रविवार को चेपक स्टेडियम में धोनी 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। उनके स्वागत में स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शक अपनी जगह पर उठ खड़े हुए और धोनी-धोनी चीयर करने लगे। ऐसे में धोनी को भले ही ओवर में चार गेंदें खेलने को मिलीं लेकिन उन्होंने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और लगातार दो छक्के जड़कर पारी का धमाकेदार अंत किया। धोनी 4 गेंद में नाबाद 13 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे।

आईपीएल में 20वें ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन

धोनी आईपीएल में 20वें ओवर के हीरो रहे हैं उन्होंने बतौर फिनिशर आईपीएल में आखिरी ओवर में जितने रन बनाए और जितने छक्के जड़े हैं। उनका आखिरी ओवर में बल्लेबाजी का रिकॉर्ड बेहद अनोखा है। धोनी ने आईपीएल में 20वें ओवर में 16 साल में कुल 290 गेंद का सामना किया है इस दौरान उन्होंने 709 रन 244.48 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 59 छक्के और 49 चौके जड़े हैं।

15वीं बार धोनी ने जड़े 20वें ओवर में दो छक्के

धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 15वीं बार दो छक्के जड़ने का कारनामा किया है। उनके बाद दूसरे पायदान पर किरोन पोलार्ड हैं जिन्होंने 8 बार मुंबई की ओर से खेलते हुए ऐसा किया था। उसके बाद तीसरे पायदान पर रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या हैं जिन्होंने 7-7 बार ऐसा किया। ये सभी खिलाड़ी धोनी से आधी बार ऐसा कर सके हैं।

इसलिए हैं सबसे बड़े फिनिशर

आईपीएल में आखिरी ओवरों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कोई भी खिलाड़ी धोनी की बराबरी पर नहीं है। 20वें ओवर में धोनी नंबर वन पर हैं। इसके अलावा 17वें से 19वें ओवर में भी धोनी के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 17वें ओवर में 595, 18वें ओवर में 651 और 19वें ओवर में 647 रन बनाए हैं। जो कि सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है।

मौजूदा सीजन में भी चल रहा है जादू

आईपीएल 2023 में आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के जड़कर केकेआर को जिताने का कारनामा भले ही रिंकू सिंह ने किया लेकिन धोनी को सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पीछे नहीं छोड़ पाए। धोनी ने 9 मैच में 257.14 के स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए हैं। वहीं रिंकू सिंह 250 के स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाकर दूसरे पायदान पर और शेमरॉन हेटमायर 43 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article