क्रिकेट

IPL 2023, LSG vs SRH Pitch Report, Weather: लखनऊ-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां जानें

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 7, 2023, 05:16 PM IST

IPL 2023, LSG vs SRH Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आज (7 April 2023) आईपीएल के 16वें सीजन में 10वां मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। मुकाबला लखनऊ के इकाना स्पोर्ट्स सिटी में आयोजित होना है। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और कैसा रहेगा आज लखनऊ का मौसम।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2023 का 10वां मुकाबला होगा
  • लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने
  • मुकाबला लखनऊ के घरेलू मैदान पर खेला जाना है

IPL 2023, LSG vs SRH Pitch Report Today Match and Weather Forecast: इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां सीजन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। आज (7 April 2023) को सीजन का दसवां मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। मुकाबला लखनऊ के घरेलू मैदान पर खेला जाना है इसलिए लखनऊ यहां पर कुछ खास करने के इरादे से उतरेगी।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपना पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50 रन से जीता था। लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपना पहला मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 72 रनों से गंवा दिया था और अब वे अपना दूसरा मुकाबला खेलने उतरेंगे। उनके लिए मुश्किलें इसलिए बढ़ेगी क्योंकि लखनऊ अपने होम ग्राउंड पर खेल रही है। तो आइए जानते हैं कि कैसी होगी इस मैच की पिच रिपोर्ट और शुक्रवार को दिनभर लखनऊ के मौसम का हाल।

कैसी है लखनऊ-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट? (LSG vs SRH Pitch Report)

लखनऊ और हैदराबाद के बीच होने वाला ये मुकाबला लखनऊ के घरेलू मैदान पर हो रहा है। यहां की पिच की बात करें तो बल्लेबाजों को फायदा मिलेगा इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन गेंदबाजों के लिए भी ये पिच उतनी खराब साबित नहीं होने वाली। खासतौर पर स्पिनर्स के लिए जिनका प्रदर्शन यहां पर तेज गेंदबाजों से बेहतर रहा है। हालांकि पिछले मैच में मार्क वुड ने जो यहां किया उससे तेज गेंदबाजों के लिए भी उम्मीदें जगती हैं। वुड ने यहां आईपीएल में पहली बार 5 विकेट चटकाए थे। इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को ज्यादा फायदा मिल सकता है इसलिए टॉस जीतने के बाद टीम के लिए यही विकल्प चुनना बेहतर रहेगा। यहां खेले पिछले मैच में लखनऊ ने 6 विकेट पर 193 रन का पहाड़ खड़ा कर दिया था। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 143 रन ही बना सकी थी।

आज कैसा रहेगा लखनऊ के मौसम का हाल? (Lucknow Weather Today)

बेशक हाल में उत्तर भारत में बेमौसम बारिश ने कई बार चौंकाया है, लेकिन फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि शुक्रवार का पूरा दिन यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। दिन भर अच्छी धूप रहेगी। हालांकि शाम होते-होते उमस बढ़ जाएगी और यही चीज एक बार फिर बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को परेशान कर सकती है। हवा भी खूब चलने का अनुमान है। अगर बात करें तापमान की तो ये एक गर्म दिन रहने वाला है। लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि अनुमान के मुताबिक न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा।

लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7.30 बजे से होगी जबकि मैच का टॉस 7 बजे होगा। लखनऊ टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में होगी जबकि हैदराबाद के लिए पहली बार एडेन मार्करम कप्तानी करते नजर आएंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article