क्रिकेट

IPL 2023, LSG vs CSK Pitch Report, Weather: लखनऊ-चेन्नई मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 3, 2023, 08:00 AM IST

IPL 2023, LSG vs CSK Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आज (3 May 2023) आईपीएल 2023 में दो मुकाबलों का दिन है। आज का पहला मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। ये मुकाबला लखनऊ में खेला जाएगा। आइए जानते हैं कि इस मुकाबले की पिच रिपोर्ट क्या कहती है और लखनऊ का मौसम कैसा रहेगा।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 में आज का पहला मैच
  • लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
  • लखनऊ में खेला जाएगा मुकाबला

IPL 2023, LSG vs CSK Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आईपीएल 2023 में आज 'डबल हेडर' का दिन है यानी एक दिन में दो मुकाबले। दिन का पहला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। ये आईपीएल के 16वें संस्करण का 45वां मैच होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम की कमान कौन संभालेगा ये कहना अभी मुश्किल है क्योंकि पिछले मैच में केएल राहुल चोटिल हो गए थे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की कमान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में ही होगी। ये मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला ये मैच लखनऊ की टीम के लिए बहुत सारी चुनौतियां लेकर आएगा। लखनऊ और चेन्नई इस समय अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। लखनऊ जहां तीसरे पायदान पर है, वहीं चेन्नई चौथे स्थान पर। ऐसे में चेन्नई की टीम एक बार फिर टॉप-3 में एंट्री हासिल करना चाहेगी। चेन्नई और लखनऊ दोनों के आंकड़े फिलहाल बराबर ही हैं। दोनों ने 9 मैचों में 5 मैच जीते हैं और 4 मैच गंवाए हैं। दोनों के 10 अंक हैं। बस लखनऊ नेट रन रेट के मामले में चेन्नई से थोड़ा आगे है। अब आज का मुकाबला लखनऊ के होम ग्राउंड पर खेला जाना है ऐसे में क्या स्थिति रहेगी और कैसी है पिच रिपोर्ट, आइए जानते हैं।

कैसी है लखनऊ-चेन्नई मैच की पिच रिपोर्ट? (LSG vs CSK Pitch Report)

आज लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर इस सीजन में खेले गए मुकाबले बहुत से उतार-चढ़ाव लेकर आए हैं। उससे भी अहम बात ये है कि ये लखनऊ का होम ग्राउंड है लेकिन इस मैदान पर पिछले तीनों मैचों में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को हार का सामना करना पड़ा है। बाकी मैदानों की तुलना में इस मैदान पर गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है जो आखिरी समय में भी मैच पलटते हुए नजर आ रहे हैं। उदाहरण के तौर पर यहां सोमवार रात खेला गया बैंगलोर-लखनऊ मैच रहा जहां बैंगलोर की टीम ने कुल 127 रनों का लक्ष्य दिया और लखनऊ की टीम 19.5 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। इसी तरह यहां खेले गए 5 मैचों में तीन मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए टीमों ने गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए हैं। बेशक गेंदबाजों को इतने विकेट ना मिले लेकिन किफायती गेंदबाजी के दम पर वे अपनी टीम को मैच जिताने में सक्षम नजर आ रहे हैं।

आज कैसा रहेगा लखनऊ का मौसम? (Lucknow Weather Today)

लखनऊ और चेन्नई के बीच खेला जाने वाला ये मैच सुपर जायंट्स के घर यानी लखनऊ में ही होने जा रहा है। सोमवार को यहां बादल छाए थे, मंगलवार को यहां बारिश हुई है और अब आज भी यहां बारिश होने के पूरे आसार हैं। अनुमान के मुताबिक आज यहां तेज बारिश भी हो सकती है। देश के इस हिस्से में पिछले कई दिनों से कई शहरों में बारिश होती आई है और लखनऊ भी इस मौसम से अछूता नहीं है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि ये बारिश कुछ ओवर का नुकसान करती है या फिर फैंस को उससे भी ज्यादा निराशा हो सकती है। इसके अलावा आज यहां उमस बहुत ज्यादा रहने वाली है इसलिए बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को थोड़ी मुश्किलों का सामना जरूर करना पड़ेगा जब वे अपने स्कोर का बचाव करेंगे। तापमान की बात करें तो आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।

आईपीएल 2023 का ये 45वां मुकाबला दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा और टॉस 3 बजे होगा। केएल राहुल को बैंगलोर के खिलाफ फील्डिंग करते हुए चोट लगी थी और उनका खेलना मुश्किल नजर आता है, ऐसे में मुमकिन है कि इस मैच में कृणाल पांड्या कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर अपने ओपनर्स और स्पिनर्स के दम पर मैच जीतने की कोशिश करेगी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article