क्रिकेट

Aman Khan: अमन खान ने जड़ा आईपीएल करियर का पहला पचासा, जानिए कौन है ये खिलाड़ी

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 2, 2023, 09:42 PM IST

IPL 2023, GT vs DC, Who is Aman Khan: आईपीएल 2023 में मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले में एक समय दिल्ली की टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। लेकिन अमन खान ने शानदार पचासा जड़ते हुए सभी को चौंकाया और अपनी टीम की लाज बचाई। जानिए कौन है ये खिलाड़ी।

Image

अमन हाकिम खान (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023ः गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • दिल्ली के अमन खान ने जड़ा शानदार अर्धशतक
  • अमन खान ने जड़ा आईपीएल करियर का पहला पचासा

IPL 2023, GT vs DC, Aman Khan fifty: आईपीएल 2023 में आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने आईं। इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन दिल्ली ने देखते-देखते 23 रन के अंदर अपने 5 विकेट गंवा दिए। गुजरात के गेंदबाज पूरी तरह हावी दिखाई दे रहे थे, तभी पिच पर आए 26 वर्षीय अमन खान जिन्होंने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का पहला पचासा जड़कर सबका दिल जीत लिया।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपनी पारी का पहला विकेट पारी की पहली ही गेंद पर गंवा दिया था, जब मोहम्मद शमी ने फिल सॉल्ट को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद शमी का कहर जारी रहा और देखते-देखते दिल्ली के 5 बल्लेबाज 23 रन के अंदर पवेलियन में पहुंच गए थे। अक्षर पटेल पिच पर आए और टिकने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनको भी किसी के साथ की जरूरत थी और ये साथ मिला अमन खान का।

अमन का पहला अर्धशतक

अमन खान ने 41 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़ा जो उनके इंडियन प्रीमियर लीग करियर का पहला पचासा साबित हुआ। अमन खान ने 44 गेंदों में 51 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 3 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। उन्होंने अक्षर पटेल के साथ छठे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। जबकि रिपल पटेल के साथ सातवें विकेट के लिए 53 रनों की पार्टनरशिप की। इसी के दम पर एक समय पर लड़खड़ाती दिख रही दिल्ली की टीम किसी तरह 20 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बनाने में सफल रही।

कौन हैं अमन हाकिम खान?

दिल्ली कैपिटल्स के अमन हाकिम खान 26 वर्षीय दाएं हाथ के ऑलराउंडर हैं। मुंबई के इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में सबको प्रभावित करने के बाद आईपीएल 2022 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स का ध्यान खींचा था। कोलकाता ने उनको खरीदा लेकिन सिर्फ एक मैच खिलाया। फिर नवंबर 2022 आईपीएल 2023 की नीलामी से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने शार्दुल ठाकुर के बदले अमन हाकिम खान को अपनी टीम में ट्रेड किया।

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग उनसे काफी प्रभावित हुए थे, यही वजह रही कि वो दिल्ली की टीम में शामिल हुए। उनको मध्यक्रम में पावर हिटन चाहिए थे जो ऋषभ पंत की कमी पूरी कर सकें। अमन खान इसी रणनीति में फिट बैठते नजर आ रहे हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article