लखनऊ: हाल ही में आईपीएल सबसे तेज 4 हजार रन पूरे करने वाले सबसे तेज खिलाड़ी बने केएल राहुल ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात जायंट्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। केएल राहुल विराट कोहली को पछाड़कर टी20 क्रिकेट में सबसे तेज गति से 7 हजार रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 38 गेंद में अपना अर्धशतक भी 8 चौकों की मदद से पूरा कर लिया।
तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
केएल राहुल को टी20 फॉर्मेट में 7 हजारी बनने के लिए 197 पारियां खेलनी पड़ी। वहीं विराट कोहली इस मुकाम पर 212वीं पारी में पहुंचे थे। ऐसे में राहुल ने विराट को 15 पारियों के अंतर से पछाड़कर सबसे तेज 7 हजारी बनने की उपलब्धि हासिल कर ली। राहुल और विराट के बाद इस सूची में तीसरे पायदान पर शिखर धवन हैं उन्होंने 246 पारी में टी20 में सात हजार रन पूरे किए थे। वहीं चौथे पायदान पर काबिज सुरेश रैना को इसके लिए 251 और पांचवें नंबर पर डटे रोहित शर्मा को 258 पारियां खेलनी पड़ी थी।
ऐसा है राहुल की टी20 में बल्लेबाजी रिकॉर्ड
केएल राहुल ने गुजरात के खिलाफ मुकाबले से पहले 209 टी20 मैच की 196 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 42.33 के औसत और 136.20 के स्ट्राइक रेट से कुल 6986 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 60 अर्धशतक जड़े। उन्होंने अपनी 197वीं पारी के शुरुआती 14 रन बनाते हुए 7 हजार रन पूरे कर लिए इसके बाद अपना 61वां अर्धशतक भी 38 गेंद में पूरा कर लिया। राहुल का टी20 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 132* रन है। मौजूदा सीजन में यह उनके बल्ले से निकला दूसरा अर्धशतक है। 7 हजार टी20 रनों में से राहुल ने 2265 रन 72 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों की 68 पारियों में 37.75 के औसत और 139.12 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। जिसमें 2 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं।
