क्रिकेट

Shardul Thakur, KKR vs RCB: गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने बल्ले से किया धमाका, बैंगलोर की टीम बेहाल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 6, 2023, 09:38 PM IST

IPL 2023, Shardul Thakur, Kolkata Knight Riders vs Royal Challengers Bangalore: आज आईपीएल 2023 के नौवें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेल रहे गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने बल्ले से जो धमाकेदार पारी खेली उसने सबको हैरान कर दिया।

Image

शार्दुल ठाकुर (AP)

KKR vs RCB, Shardul Thakur innings highlights: आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में केकेआर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करके आरसीबी को बेहाल कर दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और उन्होंने 20 ओवर में 7 विकेट खोते हुए 204 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। हालांकि एक समय पर उनकी पारी लड़खड़ा गई थी। इस स्कोर को खड़ा करने का कमाल किया शार्दुल ठाकुर ने।

आमतौर पर क्रिकेट फैंस शार्दुल ठाकुर को एक तेज गेंदबाज के रूप में जानते हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ पारियों में वो दिखा चुके हैं कि उनकी बल्लेबाजी में भी दम है। गुरुवार को वही दिन साबित हुआ जब शार्दुल का बल्ला चला, लेकिन इस बार ऐसा चला कि दिग्गज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हाल बेहाल हो गया।

89 रन पर गिर गए थे 5 विकेट

कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक समय पर 89 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। शीर्ष के तमाम धुरंधर बल्लेबाज आउट हो गए थे। इन 89 रनों में भी ओपनर गुरबाज के 57 रन शामिल थे। कोलकाता की हालत खराब दिख रही थी। लेकिन फिर सातवें नंबर पर शार्दुल ठाकुर की एंट्री हुई और उन्होंने आते ही अपने इरादे जाहिर कर दिए।

शार्दुल का धमाका, रिकॉर्ड भी बनाया

शार्दुल ठाकुर ने 234.48 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 68 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल डाली। इस पारी में 3 छक्के और 9 चौके शामिल थे। इस बीच शार्दुल ठाकुर ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और आईपीएल में सबसे तेज पचासे की बराबरी कर ली। ये रिकॉर्ड अब तक सिर्फ जोस बटलर के नाम दर्ज था।

रिंकू सिंह के साथ शानदार साझेदारी

अपनी इस पारी के दौरान शार्दुल ठाकुर ने रिंकू सिंह का भी बखूबी साथ दिया। रिंकू सिंह ने 33 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों के बीच छठे विकेट के लिए 103 रनों की शानदार साझेदारी हुई जिसके दम पर केकेआर 204 रन तक पहुंच सकी।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article