क्रिकेट

IPL 2023: जोस बटलर के बल्ले ने 6 पारी बाद बोला हल्ला, शतक से चूके-ऑरेंज कैप की रेस में लौटे

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 7, 2023, 10:19 PM IST

जोस बटलर रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ फॉर्म में दोबारा लौट आए लेकिन आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए।

Image

जोस बटलर(साभार IPL/BCCI)

जयपुर: राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान जोस बटलर आईपीएल 2023 में अच्छी शुरुआत के बाद अपने रंग में नजर नहीं आ रहे थे। रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बटलर ने धमाकेदार वापसी करते हुए 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। लेकिन अंत में वो अपना शतक पूरा करने से चूक गए। वो 59 गेंद में 95 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भुवनेश्वर कुमार ने सटीक यॉर्कर पर उनकी पारी की अंत किया। अगर बटलर शतक जड़ देते तो वो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी पर कर लेते। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

6 पारियों के बाद निकला अर्धशतक

बटलर का मौजूदा सीजन का ये चौथा अर्धशतक था। अबतक खेले 11 मैच की 11 पारियों में बटलर ने 35.63 के औसत और 143.58 के स्ट्राइक रेट से 392 रन बना लिए हैं। उन्होंने इस दौरान 4 अर्धशतक जड़े हैं। 95 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। 2 बार वो अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। सीजन के शुरुआती चार मैचों में उन्होंने 54, 19, 79 और 52 रन की पारियां खेली थीं। इसके बाद वो 0, 40, 0, 27,18 और 8 रन बना सके। लेकिन लीग दौर का अंत होने से पहले वो एक बार फिर फॉर्म में वापस लौट आए हैं।

शुरुआती 20 गेंदों में बनाए थे केवल 20 रन

बल्ले की खामोशी की वजह से बटलर हैदराबाद के खिलाफ दबाव में नजर आ रहे थे। शुरुआती 20 गेंद में वो केवल 20 रन बना सके थे। लेकिन एक बार जब उन्होंने पिच पर पैर जमा लिए उसके बाद हैदराबाद के गेंदबाजों को बखिया उधेड़ दी। उन्होंने 33 गेंद में अपना अर्धशतक 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। पचासा पूरा करने के बाद भी उन्होंने अपने बल्ले का हमला जारी रखा। पहली 20 गेंद में 20 रन बनाने वाले बटलर ने अगली 39 गेंद में 75 रन जड़ दिए।

ऑरेंज कैप की रेस में वापस लौटे

पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता बटलर आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की रेस में फिर से लौट आए हैं। वो 11 मैच 392 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में सातवें पायदान पर हैं। वो राजस्थान के लिए भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में यशस्वी जायसवाल(477) के बाद दूसरे पायदान पर हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article