क्रिकेट

हार्दिक पांड्या ने मुंबई के खिलाफ जीत के बाद हुंकार, कहा-अगर ऐसा हुआ तो फाइनल में मचाएंगे धमाल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 27, 2023, 07:00 AM IST

हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ गुजरात टाइटन्स की धमाकेदार जीत के बाद लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश के बाद फाइनल में चेन्नई के खिलाफ भिड़ंत को लेकर हुंकार भरी है।

Image

हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल((साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • हार्दिक पांड्या की कप्तानी में लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा गुजरात
  • शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल ने लिखी जीत की इबारत
  • 28 मई को फाइनल मुकाबले में गुजरात की होगी चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ंत

अहमदाबाद: हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स की टीम शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स को पटखनी देकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने में सफल हुई। गुजरात ने घरेलू मैदान पर टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत 3 विकेट पर 233 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में मुंबई की टीम 18.2 ओवर में 171 रन पर ढेर हो गई और गुजरात ने 62 रन के अंतर से पांच बार की चैंपियन टीम को पटखनी देकर धमाकेदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। जहां उसकी भिड़ंत चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 28 मई को इसी मैदान पर होगी।

मेहनत ला रही है रंग

लगातार दूसरे सीजन फाइनल में गुजरात की एंट्री पर खुशी जाहिर करते हुए कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, टीम के अच्छे प्रदर्शन के लिए पीछे बहुत मेहनत की गई है। सभी खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास किया है और वो टीम की सफलता में झलक रही है।

शुभमन गिल इसलिए मचा रहे हैं धमाल

शुभमन गिल की तारीफ करते हुए पांड्या ने कहा, शुभमन गिल जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ इस सीजन में खेल रहे हैं वो लाजवाब है। आज मैंने उनकी जो पारी देखी है वो टी20 की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है। पारी के दौरान कभी भी ऐसा नहीं लगा कि वो हड़बड़ी में हैं या संतुलन में नहीं हैं। ऐसे लग रहा था कि कोई उन्हें अभ्यास करा रहा है और वो लगातार शॉट्स जड़ रहे हैं। वह एक सुपरस्टार हैं जो फ्रेंचाइजी के साथ-साथ देश के लिए बड़े कारनामे करेंगे।

मेरा काम खिलाड़ियों को अच्छी स्थिति में रखना

टीम की सफलता का राज साझा करते हुए कहा, मेरा काम खिलाड़ियों को अच्छी मनोस्थिति में रखना है। टीम में हर किसी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी की है खासकर जब स्थिति आपके नियंत्रण में ना हो।

अच्छी क्रिकेट खेलेंगे तो करेंगे फाइनल में अच्छा

फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भिड़ंत को लेकर पांड्या ने कहा, अगर उस मुकाबले में हम अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलते हैं तो हम फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article