स्पोर्ट्स

एआईटीए अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं लिएंडर पेस, मिला 'BTA' का समर्थन

लिएंडर पेस AITA का अध्यक्ष बन सकते हैं। बंगाल टेनिस संघ के समर्थन के बाद इस बात की संभावना बढ़ गई है। चुनाव की तारीख और कार्यक्रम अभी तय नहीं हुए हैं। प्रक्रिया के तहत एआईटीए की आम सभा के लिए चार एसओएम चुने जाएंगे।

Image

लिएंडर पेस (साभार-X)

भारतीय टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस एआईटीए अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं और बंगाल टेनिस संघ (बीटीए) के समर्थन के बाद डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल के साथ उनके संभावित मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए पेस को पहले होने वाले ’स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (एसओएम)’ चुनाव में जीत हासिल करनी होगी। चुनाव की तारीख और कार्यक्रम अभी तय नहीं हुए हैं। प्रक्रिया के तहत एआईटीए की आम सभा के लिए चार एसओएम चुने जाएंगे और इसके बाद अध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए चुनाव होगा। बीटीए ने एक बयान में कहा, ’’बंगाल टेनिस संघ के सदस्यों की परिषद चाहती है कि भारत के महानतम खेल नायकों में से एक लिएंडर पेस एआईटीए के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालें।’’

पेस फिलहाल बीटीए के अध्यक्ष हैं। डेविस कप कप्तान और दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) के अध्यक्ष रोहित राजपाल पिछले सप्ताह ही एआईटीए अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि खिलाड़ी, डेविस कप कप्तान, एआईटीए पदाधिकारी और खेल प्रशासक के रूप में उनके अनुभव ने उन्हें इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया।

बीटीए ने भी पेस के समर्थन के पीछे कुछ ऐसी ही वजहें गिनाईं। संघ ने कहा, ’’बंगाल टेनिस संघ का मानना है कि भारतीय टेनिस इस समय एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है और उसे ऐसे दूरदर्शी, जवाबदेह तथा खिलाड़ियों को केंद्र में रखने वाले नेतृत्व की जरूरत है, जो खिलाड़ियों, कोचों, राज्य संघों, प्रशासकों, प्रायोजकों और अन्य हितधारकों को एक साथ ला सके।’’

बीटीए ने पेस की दावेदारी को मजबूत बताते हुए कहा, ’’उनका अनुभव, वैश्विक पहचान, प्रतिस्पर्धी जज्बा और चैंपियन तैयार करने के लिए जरूरी चीजों की समझ उन्हें एआईटीए को अगले दौर में ले जाने के लिए सबसे उपयुक्त बनाती है।’’ एआईटीए का चुनाव अदालत द्वारा नियुक्त प्रशासक न्यायमूर्ति गीता मित्तल (सेवानिवृत्त) की निगरानी में कराया जाएगा। एआईटीए ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के अनुरूप अपने संविधान में भी संशोधन किया है।

भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पेस ने एआईटीए की ’स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट’ सूची में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद से ही आगामी चुनाव में उनकी संभावित भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। एआईटीए के अंतरिम अध्यक्ष चिंतन पारिख भी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। ऐसे में अगर पेस एसओएम चुनाव जीतते हैं और निर्वाचित एसओएम उन्हें अध्यक्ष पद के लिए नामित करते हैं, तो शीर्ष पद के लिए मुकाबला तीन तरफा होने की संभावना है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article