आईपीएल के 32वें मुकाबले में एक बार फिर से आरसीबी के फाफ डुप्लेसी का बल्ला राजस्थान के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटा। पहली गेंद पर विराट कोहली और 12 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद लगा कि आरसीबी मुश्किल में फंस जाएगी, लेकिन फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंद पर 127 रन की विस्फोटक साझेदारी कर टीम को उबार मुश्किलों से उबार लिया। इस दौरान फाफ डुप्लेसी ने इस सीजन का 5वां अर्धशतक जड़ा। हालांकि, वह 39 गेंद में 62 रन की पारी खेल कर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए।
सीजन में पूरे किए 400 रन
डुप्लेसी की इस पारी से उन्होंने आईपीएल 2023 में अपने 400 रन भी पूरे कर लिए। अब 7 मैच में उनके नाम 405 रन हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल के इस सीजन में किस तरह की बल्लेबाजी की है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे नंबर पर जो बल्लेबाज हैं वह 300 रन भी नहीं बना पाए हैं। 38 साल के फाफ इस सीजन 67.50 की औसत और 165.31 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
फाफ डुप्लेसी की शानदार बल्लेबाजी जारी
फाफ डुप्लेसी ने पिछली 7 पारियों में 5वां अर्धशतक जड़ा है। राजस्थान से पहले फाफ ने मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। इस सीजन उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर पंजाब के खिलाफ आया था, जहां उन्होंने 56 गेंद में 84 रन की पारी खेली थी।
इस सीजन डुप्लेसी की पारी
मुंबई इंडियंस के खिलाफ- 73(43)
कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ- 23(12)
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ- 79*(46)
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ- 22(16)
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ- 62(33)
पंजाब किंग्स के खिलाफ- 84(56)
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ- 62(39)
फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल की पारी के दम पर ही आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा। फिलहाल आरसीबी की टीम 6 मैच में 3 जीत दर्ज कर छठे स्थान पर है।
