क्रिकेट

अर्जुन तेंदुलकर ने दिखाया गेंदबाजी में क्लास, शानदार यॉर्कर पर प्रभसिमरन को नहीं लगी हवा [VIDEO]

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 22, 2023, 09:55 PM IST

अर्जुन तेंदुलकर शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में महंगे साबित हुए लेकिन उन्होंने सटीक यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह का विकेट चटकाकर सुर्खियां बटोर लीं।

Image

अर्जुन तेंदुलकर(साभार IPL/BCCI)

मुंबई: आईपीएल में अपना तीसरा मैच खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर धीरे-धीरे लय और आत्मविश्वास हासिल करते जा रहे हैं। पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आखिरी ओवर में 20 रन का बचाव करते हुए केवल 4 रन खर्च किए और अपनी टीम को 14 रन के अंतर से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी। पंजाब किंग्स के खिलाफ भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की लेकिन स्लॉग ओवर्स में उनकी जमकर धुनाई हुई। बावजूद इसके वो प्रभसिमरन सिंह का विकेट शानदार अंदाज में सटीक यॉर्कर के जरिए चटकाकर सुर्खियां बटोरने में सफल रहे।

सटीक यॉर्कर पर चटकाया प्रभसिमरन का विकेट

ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियन्स के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करने अर्जुन तेंदुलकर आए। अर्जुन ने अपने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और 5 रन खर्च किए और इस दौरान कोई विकेट अपने नाम नहीं कर सके। इसके बाद सातवें ओवर में रोहित ने एक बार फिर गेंद अर्जुन के हाथो में थमाई। अर्जुन ने इस ओवर में लाइन से भटकते दिखे लेकिन चौथी गेंद पर शानदार यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह को एलबीडब्लू कर दिया। गेंद सीधे प्रभसिमरन के जूते पर जाकर लगी। इसके बाद फील्ड अंपायर ने आउट करार दिया। तीसरे अंपायर ने भी रिव्यू के बाद आउट के फैसले पर मुहर लगा दी।

अर्जुन की ये गेंद बेहतरीन थी। बांए हाथ का तेज गेंदबाज जिस अंदाज में सटीक यॉर्कर दाहिने हाथ के बल्लेबाज के लिए डालता है वो सारी खूबियां इस गेंद में थी और इस बात का फायदा भी अर्जुन को मिला और अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दिया।

तीसरे ओवर में लुटाए 31 रन

अर्जुन तेंदुलकर को इसके बाद गेंदबाजी का मौका रोहित ने पारी के 16वें ओवर में दिया। इस ओवर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों सैम कुरेन और हरप्रीत भाटिया ने जमकर धुनाई कर दी। सचिन ने इस ओवर में कुल 31 रन लुटाए। अर्जुन की गेंदों पर इस ओवर में चार चौके और 2 छक्के पंजाब के बल्लेबाजों ने जड़े। एक गेंद नो और एक व्हाइड भी अर्जुन ने फेंकी। इस तरह अर्जुन ने 3 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article