आईपीएल 2023 में पहले से ही मुश्किल में दिल्ली कैपिटल्स के सामने एक और बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। दरअसल दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी आक्रामण की जान ऑनरिक नॉर्खिया साउथ अफ्रीका लौट रहे हैं और यह टीम के लिए किसी झटके से कम नहीं है। आपको बता दें कि नॉर्खिया किसी इंजरी के कारण नहीं बल्कि निजी कारणों से स्वदेश लौट गए हैं और शनिवार को आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच में वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से एक बयान जारी किया गया है, जिसमें लिखा गया है कि 'दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज ऑनरिक नॉर्खिया को निजी कारणों से शुक्रवार देर रात दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होना पड़ा। वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आज शाम के मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
ऑनरिक नॉर्खिया के जाने से निश्चितरुप से दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी कमजोर होगी। अपनी शानदार यॉर्कर के कारण नॉर्खिया को डेथ ओवर स्पेशलिस्ट के तौर पर जाना जाता है और आरसीबी के खिलाफ तो दिल्ली को उनकी कमी जरूर खलेगी, क्योंकि आरसीबी के टॉप थ्री, विराट कोहली, फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल गजब के फ़ॉर्म में हैं।
इस सीजन ऑनरिक नॉर्खिया
इस सीजन ऑनरिक नॉर्खिया ने अपने नाम के अनुसार गेंदबाजी नहीं की। उन्होंने 8 मैच में 8.90 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट झटके हैं। दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो फिलहाल टीम प्वाइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर है। अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में केवल 3 में उसे जीत मिली है। अब बाकी बचे हर मुकाबले में उसे जीत दर्ज करनी होगी।
