क्रिकेट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भगवान महाकाल के दर्शन के साथ की साल 2026 की शुरुआत

साल 2025 में सफलता की नई कहानी लिखने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नए साल की शुरुआत उज्जैन स्थित भगवान महाकाल के दर्शन के साथ की है।

Image

रेनुका ठाकुर, स्नेह राणा और शेफाली वर्मा भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद

उज्जैन: साल 2025 में सफलता की नई कहानी लिखने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नए साल की शुरुआत उज्जैन स्थित भगवान महाकाल के दर्शन के साथ की है। गुरुवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सदस्यों ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भगवान शिव का दर्शन किया और सुबह की भस्म आरती में हिस्सा लिया।

महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने वाली खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, राधा यादव और अरुंधति रेड्डी शामिल थीं। विश्व कप 2025 में चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम के सदस्यों ने नए साल की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा।

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपने सोशल मीडिया पेज एक्स पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन की तस्वीरें साझा की हैं। साथ ही अपने फैंस को नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। तस्वीरों में शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर और स्नेह राणा के साथ पारंपरिक कपड़ों में नजर आ रही हैं। शेफाली ने कैप्शन में लिखा,'सभी को नया साल मुबारक हो। 2026 शानदार हो।'रेणुका सिंह ठाकुर ने भी मंदिर के दर्शन की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,'नए साल की शुरुआत आस्था, भक्ति और महादेव के आशीर्वाद के साथ। सभी को 2026 की शुभकामनाएं।'

भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले साल महिला विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ अहम मैच से पहले भगवान महाकाल का दर्शन किया था। महिला टीम ने मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर घरेलू विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद उन्होंने डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था। साल के आखिर में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 5 टी20 मैचों की सीरीज में 5-0 से हराया था।

2025 में अपना पहला वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सामने साल 2026 में आयोजित टी20 विश्व कप 2026 मुख्य चुनौती है। महिला टी20 विश्व कप 12 जून से 5 जुलाई 2026 के बीच इंग्लैंड में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article