क्रिकेट

स्मृति मंधाना की शतकीय पारी की बदौलत भारत ने श्रीलंका को रौंदकर किया त्रिकोणीय श्रृंखला पर कब्जा

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने उपकप्तान स्मृति मंधाना की शतकीय पारी की बदौलत मेजबान श्रीलंका को खिताबी मुकाबले में मात देकर त्रिकोणीय श्रृंखला पर कब्जा कर लिया है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

स्मृति मंधाना और हरलीन देओल( साभार BCCI Women)

कोलंबो: स्मृति मंधाना की आक्रामक शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने महिला त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के फाइनल में रविवार को श्रीलंका को 97 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। उमस भरे मौसम में ऐंठन से जूझते हुए बाएं हाथ की इस कलात्मक बल्लेबाज ने 101 गेंदों पर 116 रन की शानदार पारी खेली। भारतीय उपकप्तान ने फाइनल में अपनी पारी के दौरान 15 चौके और दो छक्के लगाये।

245 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 342 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद स्नेह राणा के चार और अमनजोत कौर के तीन विकेट से श्रीलंका की पारी को 48.2 ओवर में 245 रनपर समेट दिया। श्रीलंका के लिए कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 66 गेंद 51 रन का योगदान दिया। नीलाक्षी डिसिल्वा ने 48 रन की पारी खेली।

मंधाना ने उठाया जीवनदान का फायदा

मंधाना ने 21 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए अट्टापट्टू के खिलाफ लगातार चार चौके जड़कर वनडे करियर का 11वां शतक पूरा किया। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल (30) के साथ 89 गेंद में 70 रन की साझेदारी टूटने के बाद मंधाना ने तेजी से रन बनाना शुरू किया। उन्होंने हरलीन देओल (56 गेंद में चार चौके की मदद से 47 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 106 गेंद में 120 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को देवमी विहंगा ने मंधाना को आउट कर तोड़ा।

अर्धशतक से चूकीं हरमनप्रीत और जेमिमा

मंधाना ने आउट होने से पहले बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने इसके बाद तेजी से रन जुटाये लेकिन दोनों अर्धशतक पूरा करने से चूक गयीं। हरमनप्रीत ने 30 गेंद में चार चौके और एक छक्का की मदद से 41 रन की पारी खेली जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 123 रन बनाने वाली जेमिमा ने 29 गेंद की ताबड़तोड़ पारी में चार चौके की मदद से 44 रन बनाये। दीप्ति शर्मा (14 गेंद में नाबाद 20) और अमनजोत कौर (12 गेंद में 18) ने आक्रमक रवैया जारी रखा जिससे भारत ने आखिरी 10 ओवर में 90 रन बटोर कर स्कोर को 340 रन के पार ले जाने में सफल रहा। श्रीलंका के लिए सुगंधिका कुमारी सबसे सफल गेंदबाज रही। उन्होंने 59 रन देकर दो विकेट लिये। विहंगा (69 रन पर दो विकेट) और मालकी मदारा (74 रन पर दो विकेट) को भी दो-दो सफलता मिली।

खराब रही श्रीलंका की शुरुआत, पहले ही ओवर में गंवाया विकेट

श्रीलंका ने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले ओवर में ही अमनजोत की गेंद पर हसिनी परेरा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। अटापट्टू और विष्मी गुणारत्ने (41 गेंद में 36 रन) दूसरे विकेट के लिए तेजी से रन जुटाये। हरमनप्रीत ने इसके बाद गेंद दीप्ति को थमाई जिन्होंने रनगति पर ब्रेक लगा दिया। इसका फायदा अमनजोत ने परेरा को आउट कर उठाया।

चमारी अटपट्टू ने जड़ा अर्धशतक

परेरा और अटापट्टू ने दूसरे विकेट की 80 गेंद में 68 रन की साझेदारी को तोड़ा। पदार्पण कर रही भारतीय गेंदबाज क्रांति गौड़ पहला विकेट लेने से चूक गयी क्योंकि विकेटकीपर रिचा घोष अटापट्टू को स्टंप करने में चूक गयी। क्रांति इसके बाद अपनी ही गेंद पर नीलाक्षी का कैच टपका दिया। अटापट्टू हालांकि अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद राणा की गेंद पर बोल्ड हो गयी। जरूरी रन गति के बढ़ने के साथ ही नीलाक्षी भी दबाव में राणा का दूसरा शिकार बन गयी। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद शिकंजा कसा रखा और श्रीलंका की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article