Shikha Pandey Viral Video: महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सीनियर ऑलराउंडर शिखा पांडे (Shikha Pandey) ने शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि उसके बाद भी जब बांग्लादेश दौरे पर होने वाली सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का सेलेक्शन हुआ तो उसमें शिखा का नाम नदारद था। शिखा ने इसको लेकर निराशा जताई है। उनका कहना है कि इतनी मेहनत के बाद भी जब मनचाहे नतीजे ना मिले तो दुख होता है। इस इंटरव्यू के दौरान वो बेहद भावुक भी हो गईं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश में मेजबान टीम के खिलाफ 9 जुलाई से शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलने उतरेगी। उसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज भी होगी। इस अभियान के लिए हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की अगुवाई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम 6 जुलाई को बांग्लादेश पहुंच चुकी है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पूर्व कोच डब्ल्यूवी रमन (WV Raman) से एक वीडियो इंटरव्यू में बात करते हुए 34 वर्षीय ऑलराउंडर शिखा पांडे तब भावुक हो गईं जब बात बांग्लादेश दौरे के लिए हुए टीम सेलेक्शन पर आई। शिखा ने कहा, "अगर मैं कहूं कि मैं गुस्सा नहीं हूं, तब मैं इंसान नहीं हूं। मुश्किल हो जाता है जब आपको आपकी मेहनत का फल नहीं मिलता है।"
उन्होंने आगे कहा, "पक्का इसके पीछे कुछ वजह रही होगी, जो मुझे नहीं पता है। मेरे हाथों में सिर्फ मेहनत करना है और मैं इसी में विश्वास रखती हूं। तो ये सिर्फ कड़ी मेहनत की बात है, जब तक मैं मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट हो जाऊं।"
वैसे ये पहला मौका नहीं है जब शिखा पांडे के साथ ऐसा हुआ है। WPL 2023 के 9 मैचों में 10 खिलाड़ियों को आउट करने वाली इस गेंदबाज को पिछले साल वनडे विश्व कप के लिए चुनी टीम में भी नहीं रखा गया था जिसको लेकर क्रिकेट जगत में काफी आलोचनाएं भी हुई थीं। वैसे शिखा पांडे के अलावा रेणुका सिंह ठाकुर और विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष को भी टीम में जगह नहीं मिली है।
