Gautam Gambhir Meet Amit Shah: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, "माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के साथ एक आत्मीय मुलाकात। उनके समय और मार्गदर्शन के लिए आभारी हूं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करता हूं।" गौरतलब है कि यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारतीय क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में भाग लेने के लिए जापान पहुंची है।
गंभीर ने शेयर की तस्वीर
इस बीच, एशियन गेम्स में टीम इंडिया की जर्सी को लेकर चल रहा सस्पेंस भी खत्म हो गया है। युवा मामले और खेल मंत्रालय (MYAS) के एक सूत्र ने ANI को जानकारी दी कि भारतीय टीम जापान के खिलाफ ऐतिहासिक वन-ऑफ T20I मैच में BCCI की जर्सी पहनेगी। जबकि टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए उसे आधिकारिक एशियन गेम्स किट मिल गई है। MYAS सूत्र ने कहा, "टीम इंडिया जापान के खिलाफ मैच में BCCI की जर्सी पहनेगी। टीम को बाकी टूर्नामेंट के लिए उसकी एशियन गेम्स किट मिल गई है और यह मुद्दा सुलझ गया है।"
किट को लेकर चल रहा था मामला
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से टीम की आधिकारिक किट की उपलब्धता और साइज को लेकर चिंताएं जताई जा रही थीं। अब मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि साइज की समस्या सुलझा ली गई है। सूत्र ने आगे स्पष्ट किया कि जापान के खिलाफ होने वाला मैच एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं है, बल्कि एक दोस्ताना मुकाबला है, इसलिए टीम अपनी सामान्य किट में खेलेगी। सूत्र ने इसके आगे कहा, "भारतीय टीम जापान के खिलाफ मैच अपनी सामान्य किट में खेलेगी क्योंकि यह मैच एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं है, यह एक फ्रेंडली मैच है। लेकिन बाकी टूर्नामेंट के लिए साइज का मुद्दा सुलझ गया है और उन्हें टूर्नामेंट के लिए किट मिल गई है।"
