क्रिकेट

IND vs PAK: जारी है नो हैंडशेक पॉलिसी, वर्ल्ड कप मैच में भी हरमन और फातिमा ने नहीं मिलाए हाथ

IND vs PAK: एशिया कप की तरह वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम नो हैंडशेक की पॉलिसी पर डंटी रही। कोलंबो में खेले जा रहे मुकाबले में भी भारत और पाकिस्तान के कप्तान के बीच टॉस के वक्त हैंडशेक नहीं हुए।

Image

भारत-पाकिस्तान (साभार-ICC)

IND vs PAK: महिला विश्व कप 2025 के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच 'हाई-वोल्टेज' मैच में भी भारतीय टीम नो हैंडशेक की पॉलिसी में डंटी रही। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। टॉस के दौरान दोनों कप्तानों के बीच किसी भी तरह की बातचीत भी नहीं देखी गई।

भारत और पाकिस्तान ने इस मुकाबले के लिए अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया है। अमनजोत के स्थान पर रेणुका ठाकुर को अंतिम एकादश में मौका दिया गया है, जबकि पाकिस्तानी खेमे में उमाइमा सोहेल के स्थान पर सदफ शमास को स्थान मिला है। वनडे इतिहास में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 11 मैच खेले गए हैं। सभी मुकाबले टीम इंडिया ने जीते। यानी पाकिस्तानी टीम अब तक भारत के खिलाफ वनडे जीत को तरस रही है।

उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इसके बाद जब 14 सितंबर को एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार आमने-सामने आईं, तो भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।

भारत ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के विरुद्ध कुल 3 मुकाबले खेले, लेकिन इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाया। यहां तक कि खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी तक लेने से इनकार कर दिया।

मोहसिन नकवी एसीसी का जिम्मा संभालने के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष भी हैं। साथ ही वह पाकिस्तान के गृह मंत्री का पदभार भी संभाल रहे हैं। नकवी कुछ मौकों पर भारत के खिलाफ जहर उगलते नजर आ चुके हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन : प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी।

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन : मुनीबा अली, सदफ शमास, सिदरा अमीन, रमीन शमीम, आलिया रियाज, सिदरा नवाज (विकेटकीपर), फातिमा सना (कप्तान), नतालिया परवेज, डायना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article