आज टीम इंडिया और मेहमान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बीच पुणे के एमसीए स्टेडियम (महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम) में तीन टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 2 रन से शिकस्त देते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और अब उसके सामने चुनौती है दूसरा टी20 जीतकर सीरीज को पुणे में ही अपने नाम कर लेना और साल का आगाज सीरीज जीतकर करना। मेजबान टीम हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की अगुवाई में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उम्मीद पूरी है कि दूसरे टी20 मुकाबले में ही भारत साल की पहली सीरीज जीतने की प्रबल दावेदार रहेगी।
पहले टी20 मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने हार्दिक पांड्या की अगुवाई में युवा टीम के साथ मैदान पर उतरते हुए 5 विकेट पर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने 160 रन बनाए लेकिन वे दो रन से चूक गए। भारत की तरफ से डेब्यू करने उतरे युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 विकेट झटके।
वहीं, 23 गेंदों में नाबाद 41 रनों की पारी खेलने वाले दीपक हूडा मैन ऑफ द मैच चुने गए। अब बारी है दूसरे टी20 मैच की, तो आइए जानते हैं कि कैसी होगी पुणे की पिच और मौसम।
भारत-श्रीलंका दूसरे टी20 की पिच रिपोर्ट (MCA Stadium Pune Pitch Report)
पुणे के मैदान पर मौजूद पिच काफी दिलचस्प साबित होने वाली है। इस पिच पर बल्लेबाजों को शुरुआती मौकों पर फायदा मिलता दिख सकता है लेकिन यहां पर खासतौर पर स्पिनर्स का दबदबा नजर जरूर आएगा। तेज गेंदबाजों के मुकाबले स्पिनर्स यहां हावी होते नजर आए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को यहां पर फायदा मिला है इसलिए जो भी टीम टॉस जीतती है वो पहले बल्लेबाजी का फैसला ले सकती है। कुल मिलाकर यहां भी एक रोमांचक और करीबी टक्कर देखने को मिल सकती है।पुणे के मौसम का हाल (Pune weather forecast today, 5th January 2023)
आज यानी गुरुवार को पुणे के मौसम की बात करें तो आसमान मेंं बादल जरूर रहेंगे लेकिन धूप भी दिखेगी। बारिश की संभावना ना के बराबर है इसलिए मैच पूरा खेला जाएगा इसमें कोई दो राय नहीं है। उमस रहेगी और बाद में फील्डिंग करने वाली टीम को ये थोड़ा परेशान जरूर कर सकती है। तापमान की बात करें तो गुरुवार को पुणे में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।दूसरे टी20 में भारत-श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
श्रीलंकाः दासुन शनाका, पाथुम निसंका, कुसल मेंडिस, धनंजय सिल्वा, चरिथ असलंका, भानुका राजपक्षे, वानिंदु हसरंगा, महीष थीक्षणा, कसुन रजिता और दिलशान मधुशंका।
भारतः हार्दिक पांड्या (कप्तान), शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, राहुल त्रिपाठी, दीपक हूडा, अक्षर पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह।
