क्रिकेट

IND vs SA 2nd T20I: गुवाहाटी में मैच के दौरान मैदान में घुसा सांप, रोकना पड़ा खेल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 2, 2022, 08:12 PM IST

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान अचानक मैदान पर सांप घुस गया। इस वजह से खेल को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।

Image

Image Credit: Hot Star Screen Grab

गुवाहाटी: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान केएल राहुल की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की।

पारी की शुरुआत में ही दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 57 रन जड़ दिए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 33 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों खिलाड़ी बगैर किसी परेशानी के टीम को आगे बढ़ा रहे थे लेकिन इसी दौरान मैदान पर एक अनचाहे मेहमान की एंट्री की वजह से मैच रोकना पड़ा।

आठवें ओवर से ठीक पहले मैदान में एक सांप घुस आया। सांप के मैदान में नजर आते ही खेल रोक दिया गया और उसे बाहर निकालने के लिए ग्राउंड स्टाफ के कुछ सदस्य मैदान में आए। प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाने वाले पूर्वोत्तर भारत में सांप का मैदान पर निकलना कोई असाधारण घटना नहीं है। ऐसे में ग्राउंड स्टाफ के सदस्य सांप पकड़ने वाले औजार के साथ मैदान में पहुंचे और तेजी से उसे पकड़कर मैदान से बाहर ले गए।

सांप को ग्राउंड स्टाफ द्वारा बाहर ले जाने के बाद खेल दोबारा शुरु हुआ और रोहित-राहुल की जोड़ी ने एक बार फिर चौकों छक्कों की बारिश शुरू कर दी। ये साझेदारी पारी के दसवें ओवर की पांचवीं गेंद पर टूटी। रोहित शर्मा केशव महाराज की गेंद पर ट्रस्टन स्टब्स की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 37 गेंद में 43 रन की पारी खेली।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article