क्रिकेट

IND vs SA 4th T20I: चौथे टी20 मुकाबले में सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, इस खिलाड़ी पर रहेगी नजर

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैच की टी20 सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला शुक्रवार को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स मैदान पर खेला जाएगा। जानिए इस मैच से जुड़ी अहम बातें।

Image

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका चौथा टी20आई

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-दक्षिण अफ्रीका चौथा टी20 मुकाबला शुक्रवार को
  • टीम इंडिया के पास है सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त
  • सीरीज जीत पर है टीम इंडिया की नजर

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को निर्णायक चौथा टी20 मैच और श्रृंखला जीतने की कोशिश में जुटी भारतीय टीम के लिये रिंकू सिंह का बल्लेबाजी क्रम और खराब फॉर्म चिंता का सबब होगा। संजू सैमसन और तिलक वर्मा के शतकों के अलावा भारतीय बल्लेबाजों ने प्रभावी प्रदर्शन नहीं किया है। भारत फिलहाल श्रृंखला में 2-1 से आगे है लेकिन 3-1 से जीतने के लिये बल्लेबाजों पर महती जिम्मेदारी होगी।

भारत के लिए लकी रहा है वांडरर्स

भारत के लिये वांडरर्स हमेशा से भाग्यशाली रहा है जहां उसने 2007 में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता था। एक साल पहले पिछली टी20 श्रृंखला में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शतक जमाकर टीम को जीत दिलाई थी। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 16 में से 13 मैच जीते हैं और इस बार वह श्रृंखला जीतकर लौटना चाहेंगे। पिछली बार श्रृंखला 1-1 से ड्रॉ रही थी चूंकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।

रिंकू का फॉर्म है टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय

टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शुमार रिंकू सिंह का फॉर्म भी चिंता का सबब है जो पिछले कुछ महीने से अच्छा नहीं खेल पा रहे हैं । ऐसा लग रहा है कि छठे या सातवें नंबर पर उतरने से वह सहज होकर खेल नहीं पा रहे हैं। भारत में अगला टी20 विश्व कप 2026 में है और सूर्यकुमार के पास रिंकू में आत्मविश्वास भरकर उनके प्रदर्शन को ढर्रे पर लाने का पूरा समय है। स्पष्टता के अभाव में उनके जैसे हुनरमंद क्रिकेटर को खोने का जोखिम भारतीय टीम नहीं उठा सकती । मौजूदा श्रृंखला में रिंकू दो मैचों में छठे और एक मैच में सातवें नंबर पर उतरे और 28 रन ही बना सके।

रिंकू के आत्मविश्वास पर पड़ा है असर

निचले क्रम पर उतरने से 11, 9 या 8 रन का स्कोर चिंता का विषय नहीं है लेकिन असल चिंता इस बात की है कि इसके लिये उन्होंने कुल 34 गेंदें खेल डाली। आईपीएल के दौरान भी रिंकू को 15 मैचों में कुल 113 गेंद ही खेलने को मिली थी यानी प्रति मैच 7.5 गेंद। एक फिनिशर के तौर पर रिंकू को हर पारी में करीब दस ही गेंद मिल सकती है। इससे शायद उनके आत्मविश्वास पर असर पड़ा है क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह आक्रामक खेलें या सहायक की भूमिका में रहें।

रिंकू को ऊपर उठाना है मुश्किल

रिंकू ने अधिकांश समय पांचवें नंबर पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन जब संजू सैमसन सलामी बल्लेबाज के तौर पर और तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर उतर रहे हैं तो रिंकू को हार्दिक पंड्या से पहले उतारना कठिन है। टीम प्रबंधन को इस मसले का तुरंत हल निकालना होगा। भारत ने अपने 15 में से 12 खिलाड़ियों को पहले तीन मैचों में आजमाया है और अब देखना है कि तेज गेंदबाज यश दयाल या वैशाक विजयकुमार को पहला मौका मिलता है या नहीं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक, आवेश खान, यश दयाल।

दक्षिण अफ्रीका:

एडेन मार्करम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, गेराल्ड कोएत्जी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, हेनरिक क्लासेन, पैट्रिक क्रुगर, केशव महाराज, डेविड मिलर, मिहलाली मपोंगवाना, नकाबा पीटर, रेयान रिकेल्टन, एंडिले सिमलाने, ट्रिस्टन स्टब्स।

मैच भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article