क्रिकेट

Shubman Gill Injury Update: कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन घायल होने वाले कप्तान शुभमन गिल का कैसा है हाल?

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान घायल होने वाले कप्तान शुभमन गिल की चोट का कैसा है हाल?

Image

गर्दन में चोट लगने के बाद मैदान से बाहर जाते कप्तान शुभमन गिल(फोटो क्रेडिट BCCI X)

कोलकाता: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में गर्दन में ऐंठन आने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। गिल ने केवल तीन गेंद का सामना किया जिसके बाद चोट के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने चार रन बनाए। उन्होंने हार्मर को बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से चौका मारा, लेकिन इस दौरान उनकी गर्दन में ऐंठन हो गई। फिजियो तुरंत ही मैदान पर पहुंचे लेकिन इस स्टार बल्लेबाज को रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। यह घटना ड्रिंक्स ब्रेक के बाद 35वें ओवर में घटी।

बीसीसीआई की मेडिकल टीम कर रही है निगरानी

लेकिन स्थिति और चिंताजनक हो गई जब उन्हें गर्दन में कॉलर बांधकर ले जाते हुए देखा गया, जिससे चोट की गंभीरता के बारे में और अधिक चिंता पैदा हो गई। भारत के सहायक कोच मोर्नी मोर्कल ने कहा,'हमें पता करना होगा कि उसकी गर्दन में ऐंठन कैसे आई । शायद रात को ठीक से सो नहीं पाया । इसका कार्यभार से कोई लेना देना नहीं है।'मोर्कल ने टाइमिंग को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा,'गिल काफी फिट है और अपना बहुत ध्यान रखता है । यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सुबह उसकी गर्दन में ऐंठन आ गई । हमे उस समय उससे एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। टाइमिंग खराब रही।' इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान में कहा,'शुभमन गिल की गर्दन में ऐंठन है और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। आज उनकी प्रगति को देखकर उनके आगे खेलने के बारे में फैसला किया जाएगा।'

वुडलैंड्स अस्पताल में हुए भर्ती, निगरानी में रहेंगे

शनिवार शाम को रिपोर्ट आई की गिल को कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह पूरी रात डॉक्टरों की निगरानी में वहीं रहेंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके बारे में कोई भी फैसला करेगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article