Ravindra Jadeja to play Ind vs SA 2nd test: दक्षिण अफ्रीका के हाथों पहले टेस्ट में शर्मनाक हार झेलने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के लिये अच्छी खबर है कि हरफनमौला खिलाड़ी और नंबर 1 ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा तीन जनवरी से केपटाउन में शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में खेल सकते हैं ।पहले टेस्ट की सुबह पीठ में दर्द के कारण जडेजा नहीं खेल सके थे । पहले टेस्ट के तीसरे दिन उन्होंने वार्म अप में भाग लिया और बिल्कुल सहज नजर आये । उन्होंने फिटनेस अभ्यास भी किया।
तीसरे दिन लंच ब्रेक के दौरान उन्होंने गेंदबाजी की । रिजर्व तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के साथ उन्होंने करीब 20 मिनट अभ्यास पिच पर गेंदबाजी की । टीम के स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच रजनीकांत उनके साथ थे । वह गेंदबाजी करते हुए भी बिल्कुल सहज लगे ।गेंदबाजी में भले ही जडेजा उतने खतरनाक नहीं हों लेकिन छठे और सातवें नंबर पर उनकी बल्लेबाजी उपयोगी साबित हो सकती है।
अश्विन की हो सकती है छुट्टी
रवींद्र जडेजा अगर भारतीय टीम में शामिल होते हैं तो प्लेइंग 11 से रविचंद्रन अश्विन की छुट्टी हो सकती है। अश्विन पहले टेस्ट मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। उन्होंन केवल एक विकेट लिया था। बल्ले से भी अश्विन के बिल्कुल भी रन नहीं निकले थे। दोनों पारियों को मिलाकर वे 10 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे। ऐसे में टीम अनुभवी स्पिनर को आराम दे सकती है। जडेजा भले ही गेंदबाजी में उतरे ज्यादा कारगर ना हो लेकिन बल्लेबाजी में माहिर हैं। वे आईसीसी रैंकिंग में ऑलराउंडर की लिस्ट में नंबर 1 पर हैं।
(स्टोरी में भाषा का इनपुट लिया गया है)
