India vs South Africa 2nd Test Match, Dean Elgar Big Statement: डीन एल्गर ने अपने अंतिम टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर मंगलवार को क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के एक अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल) कप्तान के नेतृत्व में न्यूजीलैंड दौरे पर तीसरी श्रेणी की टीम भेजने पर नाराजगी व्यक्त की। भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाला दूसरा टेस्ट मैच एल्गर का आखिरी टेस्ट होगा। इस मैच में कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभाने वाले इस सलामी बल्लेबाज ने एसए20 की खातिर टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता नहीं देने के बारे में कहा कि यह आदर्श स्थिति नहीं है।
एल्गर ने कहा,‘मेरा अब भी मानना है कि टेस्ट क्रिकेट का भविष्य होगा और ड्रेसिंग रूम में युवा खिलाड़ियों से बातचीत करने पर पता चलता है कि वह भी इसी प्रारूप को प्राथमिकता देते हैं।’ उन्होंने कहा,‘क्रिकेट बिरादरी के नजरिए से यह स्थिति आदर्श नहीं है और मैं टेस्ट क्रिकेट को किस नजरिए से देखता हूं इस पर चर्चा करना न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम के लिए आदर्श नहीं हो सकती है।’
नील ब्रांड न्यूजीलैंड के दौरे में टेस्ट टीम की अगुवाई करेंगे। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने अपने शीर्ष खिलाड़ियों को एसए20 लीग में खेलने की अनुमति देकर न्यूजीलैंड के दौरे के लिए तीसरी श्रेणी की टेस्ट टीम का चयन किया है जिसमें सात खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। एसए20 की फ्रेंचाइजी टीमों का स्वामित्व आईपीएल टीम के मालिकों के पास है तथा फ्रेंचाइजी क्रिकेट को प्राथमिकता देने के फैसले की विश्व क्रिकेट में कड़ी आलोचना हो रही है।
टेस्ट क्रिकेट अब भी वास्तविक चुनौती: रोहित
रोहित से जब क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के फैसले के बारे में पूछा गया, उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट अब भी वास्तविक चुनौती है और हम चाहते हैं कि इस प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेलें लेकिन हर किसी की अपनी समस्याएं हैं जिनसे उन्हें निपटना है और उन्हें यह सुनिश्चित करना है कि इसके पीछे कुछ कारण हैं।’ लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वह चाहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेलें। रोहित ने कहा,‘मैं नहीं जानता कि इसके (दक्षिण अफ्रीका का शीर्ष खिलाड़ियों का चयन नहीं करना) पीछे क्या कारण हैं। टेस्ट क्रिकेट में आप चाहते हैं कि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध रहें लेकिन मैं नहीं जानता कि क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका में आपस में क्या बातचीत हुई। जहां तक मेरा मानना है तो टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसमें आपको हर दिन चुनौती का सामना करना पड़ता है।’ उन्होंने कहा,‘टेस्ट क्रिकेट का हम सभी को बचाव करना चाहिए। यह एक या दो देशों की नहीं बल्कि क्रिकेट खेलने वाले सभी देशों की जिम्मेदारी है।’
