क्रिकेट

भारत के खिलाफ पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप बॉयकॉट मामले में नया मोड़, अब बीसीबी चीफ की हुई एंट्री

India vs Pakistan T20 World Cup: पाकिस्तान का भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप बॉयकॉट मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अब इस पूरे मसले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष की एंट्री हुई है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नकवी से मुलाकात की है।

Image

आईसीसी (साभार-x)

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीन उल इस्लाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बीच वर्चुअल बैठक से पहले लाहौर पहुंच गए हैं। यह बैठक पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने के लिए हो रही है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अमीन ने लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात की और उम्मीद है कि वह वर्चुअल चर्चा में हिस्सा लेंगे जिसका मकसद पाकिस्तान को 15 फरवरी को होने वाले टी20 विश्व कप मैच में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मनाना है।

नकवी ने भारत मैच के बहिष्कार के सरकार के निर्देशों पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की है लेकिन एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) द्वारा पीसीबी को एक ईमेल भेजने के बाद स्थिति बदल गई है। इस ईमेल में उनसे बहिष्कार खत्म करने का आग्रह किया गया है।

आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता भी एसएलसी अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मिलने कोलंबो गए हैं जिन्होंने नकवी को विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए ईमेल भेजा था। आईसीसी पहले ही पाकिस्तान से स्पष्टीकरण मांग चुका है कि ’फोर्स मेज्योर’ (अपरिहार्य कारणों से अनुबंध की शर्तें पूरी नहीं कर पाना) नियम का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। पाकिस्तान इस नियम के जरिए टीम के भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार को सही ठहराना चाहता था क्योंकि पीसीबी ने अपनी सरकार पर जिम्मेदारी डालकर स्थिति से बचने की कोशिश की थी।

लेकिन अब उम्मीद की एक किरण दिख रही है क्योंकि पीसीबी ने आईसीसी से बातचीत के लिए संपर्क किया है। आईसीसी के एक निदेशक ने यह जानकारी दी जिन्हें लगता है कि यह बड़ा मुकाबला आखिरकार होगा। आईसीसी वर्तमान में बोर्ड के साथ एक व्यवस्थित तरीके से संभावित समाधान खोजने के लिए बातचीत कर रहा है, इस विचार के साथ कि खेल का हित एकतरफा कार्रवाई से ऊपर होना चाहिए।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए विश्व कप मुकाबलों के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article